पारदर्शी शासन का मजबूत आधार बनेगा अपना भारत मोर्चा: अशोक तंवर

3/10/2021 9:37:38 PM

सिरसा (सतनाम): पूर्व सांसद व अपना भारत मोर्चा के संस्थापक डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि उनका मोर्चा पूरे देशभर में स्वच्छ व पारदर्शी शासन का सबसे मजबूत मंच के तौर पर कार्य करेगा और इस मोर्चा को समाज के सभी स्वच्छ छवि के लोगों द्वारा मजबूत किया जाएगा। तंवर आज सिरसा में मोर्चा के देश में पहले कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर मीडिया से रूबरू हुए।



उन्होंने कहा कि मोर्चा के कार्यालय का शुभारंभ उन्होंने अपनी सिरसा की कर्मभूमि से की है। क्योंकि यहीं के लोगों ने उन्हें राजनीतिक ताकत प्रदान की थी। तंवर ने कहा कि वर्तमान में राजनीति का स्तर कैसा हो गया है, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है और ऐसी ही विपरीत परिस्थितियों में देश प्रदेश के लोगों को एक साफ सुथरा राजनीतिक मंच चाहिए था, जो किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा, महिलाओं सहित सभी वर्गों की भावनाओं के अनुरूप हो और आज अपना भारत मोर्चा इन्हीं बिंदुओं और भावनाओं के साथ उभरा है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में अब मोर्चा के विस्तार का सिलसिला जारी रहेगा।



कांग्रेस के जी-23 ग्रुप पर बरसते हुए अशोक तंवर ने कहा कि ये गद्दार ग्रुप भीतर ही भीतर कांग्रेस को समाप्त करने के षड्यंत्र में शामिल है और गांधी परिवार के खिलाफ काम कर रहा है। इस ग्रुप के कारण ही देश के राजनीतिक पटल पर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी की छवि को धूमिल करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों ने राहुल गांधी को पप्पू बना दिया। उन्होंने कहा कि इसी गद्दार ग्रुप के लोग गांधी परिवार के तीनों सदस्यों को घर से बाहर निकलवाना चाहते हैं।

Content Writer

vinod kumar