राजनीतिक दलों में बैठे लोग मोहम्मद गोरी और गजनबी से भी बड़े: तंवर

7/25/2021 9:36:53 PM

पलवल (दिनेश): अपना भारत मोर्चा के संयोजक व पूर्व सांसद अशोक तंवर ने आज भाजपा सरकार और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि आठ महीनों से किसान आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन बेशर्म और संवेदनहीन सरकार उनकी नहीं सुन रही है, जबकी कृषि कानून रद्द होने चाहिए।

पलवल में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में राजनीति में एक विक्ट्री पंच मारने की भी जरूरत है। कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में यदि भाजपा की हार होती है, तभी ये देश बचेगा नहीं तो ये भाजपा देश को बर्बाद कर देगी। सरकार द्वारा घोटाले पर घोटाले किए जा रहे हैं। इन लोगों ने कोरोना के नाम पर भी घोटाला किया है। 

तंवर ने कहा कि आज इस तानाशाही सरकार से किसानों के साथ-साथ हर वर्ग दुखी है। आज के समय में राजनीतिक दलों में बैठे लोग मोहम्मद गोरी और गजनबी से भी बड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में एक मजबूत विपक्ष की भी जरूरत है। भाजपा सरकार आज जासूसी कराने में लगी है, लेकिन जासूसी का कोई असर हो नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रसियों को अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसी तरह कांग्रेस सरकार में भी जासूसी कराई जाती थी। अब हरियाणा प्रदेश में तीन साल जो मेहनत करेगा उसी की सरकार बनेगी।

वहीं उन्होंने हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वो पूरी कांग्रेस पर अपना कब्जा चाहते हैं, पहले हमारे साथ झगड़ा करते थे। अब हाइकमान पर दबाव बनाकर सैलजा को किनारा करने की कोशिश में लगे हैं। ऐसा करके ये लोग कांग्रेस में पास हो सकते हैं लेकिन जनता में ये फेल हो चुके हैं और जो 32 सीटें अबकी बार कांग्रेस की प्रदेश में आई थी वो हमारी मेहनत का असर था, यदि हम भी कांग्रेस में होते तो नतीजे कुछ और ही होते और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनती। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam