वर्ष 2022 तक हर घर में पेयजल कनैक्शन देने का लक्ष्य : प्रिंयका सोनी

12/25/2019 1:53:35 PM

कैथल (महीपाल/गौरव) : उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने कहा कि जल जीवन अभियान के तहत वर्ष 2022 तक प्रदेश के हर घर में पेयजल के कनैक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले सभी गांवों में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति का गठन किया जाएगा। जिले में विकास एवं पंचायत विभाग 30 दिसम्बर 2019 तक इन समितियों का गठन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। ये निर्देश उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने लघु सचिवालय में जिला जल एवं सीवरेज मिशन के सम्बंध में बुलाई एक बैठक में अधिकारियों को दिए। उन्होंने बताया कि जिला जल एवं स्वच्छता मिशन का नाम अब जिला जल एवं सीवरेज मिशन होगा। साथ ही इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में नए सिरे से ग्राम जल एवं सीवरेज समिति का गठन किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने हर घर पानी पहुंचाने के लिए 2024 तक का लक्ष्य रखा था, लेकिन हरियाणा सरकार ने 2022 तक इस लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त एवं जिला जल एवं सीवरेज मिशन के लिए बनाई समिति की अध्यक्षा डा. प्रियंका सोनी ने बताया कि उनके अतिरिक्त इस समिति में अतिरिक्त उपायुक्त, सांसद, सभी विधायक, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा अधिकारी व जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, एक्स.ई.एन. सिंचाई व पंचायत विभाग, डी.डी.ए., डी.डी.पी.ओ., डी.आई.पी.आर.ओ., भारत विकास परिषद कैथल एन.जी.ओ. सदस्य होंगे।

30 जून 2020 तक 70 प्रतिशत घरों तक नल से जल देने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं 30 जून 2021 तक 80 प्रतिशत, 30 जून 2022 तक शत प्रतिशत घरों तक नल से जल देने का लक्ष्य रखा गया है। हर घर को पेयजल कनैक्शन देने से पहले सरकार द्वारा हर घर का सर्वे किया जा रहा है। अब तक कुल 278 ग्राम पंचायतों में से 185 ग्राम पंचायतोंं में सर्वे पूरा हो चुका है। वहीं 59 ग्राम पंचायतों में सर्वे का काम चल रहा है और 34 में ग्राम पंचायतों में सर्वे होना अभी बाकी है। अब तक जिले के 86261 घरों का सर्वे हुआ है।  

इस बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जितेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही, जिला सूचना व जन संपर्क अधिकारी सुरेंद्र, नहरी विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता के.के. भटला, सिविल सर्जन डा. सुरेंद्र कुमार नैन, कृषि विभाग से डा. दिनेश शर्मा, बी.आर.सी. डा. सतविंद्र सिंह, संदीप कुमार, कार्यक्रम अधिकारी रेनू पसरीचा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष नरेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

प्रत्येक कमेटी में गांव के सरपंच होंगे अध्यक्ष : दीपक 
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार दीपक कुमार ने गांव जल एवं सीवरेज कमेटी को लेकर अधिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक कमेटी में गांव का सरपंच अध्यक्ष होगा। वहीं ग्राम पंचायत के 3 पंच इसके सदस्य होंगे। इनमें से एक महिला एवं एक अनुसूचित जाति तथा एक सामान्य सदस्य होगा। इसके अलावा 4 अन्य सदस्य होंगे। ये स्वयं सहायता समूह, सेवानिवृत्त अध्यापक, एक्स सर्विसमैन, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा, गांव का चौकीदार तथा महिला मंडल प्रधान में से लिए जा सकते हैं। पंचायत विभाग के जूनियर इंजीनियर भी इसमें सदस्य होंगे। 

Isha