व्यापारी से 42 लाख लूटकर फरार हुआ टैक्सी चालक गिरफ्तार

5/16/2021 8:29:32 AM

सोनीपत : समालखा के गांव पट्टी कल्याणा के पास इलैक्ट्रॉनिक्स सामान के होलसेल व्यापारी से 42 लाख रुपए लूटकर फरार हुए टैक्सी चालक को मुरथल थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। मुरथल थाना में नियुक्त ए.एस.आई. कटार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह पानीपत से वीटी प्राप्त हुई कि समालखा के पट्टी कल्याणा के पास से टैक्सी चालक 42 लाख रुपए लूटकर सोनीपत की तरफ भागा है। इसे लेकर दिल्ली के रोहिणी स्थित सैक्टर-7 निवासी लखन बंसल ने शिकायत दी है। उसने समालखा पुलिस को बताया था कि वह इलैक्ट्रॉनिक्स के सामान का होलसेल व्यापारी है। वह पंजाब के खन्ना से सामान की पेमैंट के रूप में मिले 42 लाख रुपए लेकर रोहिणी दिल्ली जा रहा था।

उसने यू.पी. के सुल्तानपुर निवासी धर्मेंद्र की टैक्सी को किराए पर लिया था। वह अक्सर धर्मेंद्र की टैक्सी को लेकर जाता था। लखन बंसल ने पुलिस को बताया कि पट्टी कल्याणा के पास धर्मेंद्र ने उससे बहस शुरू कर दी, जिस पर वह उसे समझाने के लिए गाड़ी से उतरा तो वह उसे धक्का देकर उसके 42 लाख रुपए लूटकर भाग गया। इसके बाद उसने समालखा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वीटी करवाकर सोनीपत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद मुरथल थाना पुलिस ने हाईवे पर नाका लगा दिया। इसी बीच कार सवार चालक आता दिखाई दिया तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी नाका तोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। उसकी कार के अंदर से लूटे गए 42 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। इसके पश्चात समालखा पुलिस को मामले से अवगत करवाया गया। पुलिस ने चालक, लूटी गई नकदी व कार को समालखा पुलिस को सौंप दिया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana