Teacher's Day पर 1000 शिक्षकों को किया जाएगा यहां सम्मानित

9/3/2017 11:47:41 AM

रेवाड़ी : शिक्षक दिवस पर जिला के लगभग 1000 शिक्षकों को आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उक्त विचार शनिवार को समारोह के आयोजक लक्ष्मण सिंह यादव ने धारूहेड़ा चौक स्थित एक रैस्तरां में बुलाए पत्रकार सम्मेलन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नाहड़ रोड कोसली के यादव समारोह स्थल परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह 5 सितम्बर को यह आयोजित किया जाएगा। जिला में यह पहला मौका है, जब इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। राव शेरसिंह एजुकेशन ट्रस्ट कोसली के बैनर तले आयोजित समारोह के मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल होंगे व अध्यक्षता भाजपा की राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद डा. सुधा यादव करेंगी।

अति विशिष्टातिथि कोसली के विधायक बिक्रम सिंह यादव, किसान आयोग के चेयरमैन डा. रमेश यादव, एच.एस.एस.सी. के सदस्य हंसराज यादव, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया होंगे। लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि शिक्षक भारत का भविष्य तय करते हैं। उनकी बदौलत ही देश की मजबूत नींव तैयार होती है। उनका सम्मान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिला के सरकारी व प्राइवेट लगभग 1000 स्कूलों के प्राचार्यों व मुख्याध्यापकों द्वारा चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षकों के अलावा सेवानिवृत्त प्राचार्य, मुख्याध्यापक व शिक्षा अधिकारियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। इस आयोजन के लिए जिला के शिक्षकों को समिति से जोड़ा गया है। पत्रकार सम्मेलन में प्राचार्य दुलीचंद यादव, प्रेमसिंह यादव, प्राध्यापक नरेंद्र यादव, नरेश कुमार, गूगन सिंह, चौ. जगदीश व वरुण श्योराण आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।