गुरु-शिष्य का रिश्ता तार-तार, नौवीं की छात्रा से स्कूल में छेड़छाड़

2/24/2019 1:33:52 PM

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): प्रदेश में महिलाओं व बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला रेवाड़ी से सामने आया है, जहां एक स्कूल प्रचार्य द्वारा स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई, जिसके बाद पीड़िता ने महिला टीचरों को बात बताई तो स्कूल में एक जांच कमेटी बनाई गई, जिसकी जांच में प्राचार्य को दोषी पाया गया, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरु कर दी है। घटना रेवाड़ी के रोहड़ाई गांव की है।  

गांव लीलोढ़ निवासी आरोपी प्राचार्य धर्मबीर फिलहाल रेवाड़ी शहर में रहता है। आरोप है कि वह पिछले कुछ दिनों से अपने ही स्कूल में पढऩे वाली 9वीं कक्षा की छात्रा पर नजर रखे हुए था। 21 फरवरी को छात्रा किसी काम से प्राचार्य के रूम में गई। इसी दौरान वह उसे अपने रूम के पीछे की तरफ ले गया। पहले तो उसने उससे अश्लील बातें की और फिर छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा बुरी तरह डर गई। वह अपनी क्लास में पहुंची तो महिला टीचर ने उससे पूछताछ की। 

छात्रा ने तुरंत पूरी बात टीचर को बताई। मामला जब तूल पकडऩे लगा तो स्कूल की तीन टीचरों को लेकर एक जांच कमेटी बना दी गई। कमेटी ने छात्रा की बातों को ध्यान से सुना और प्राचार्य से भी बात की। तत्पश्चात इस कमेटी की रिपोर्ट में छेड़छाड़ की बात सही पाई गई तो इसकी सूचना थाना रोहड़ाई पुलिस को दे दी गई। जांचकर्ता अधिकारी बालवती ने बताया कि आरोपी प्राचार्य के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत छेड़छाड़ का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अब मामले की जांच की जा रही है।

Deepak Paul