हरियाणा में तहसीलदारों की हड़ताल खत्म, 4 मांगों पर बनी सहमति...आज से लौटेंगे काम पर
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 08:40 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा में तहसीलदारों ने हड़ताल खत्म कर दी है। मंगलवार को चंडीगढ़ में ए.सी.एस. राजस्व (एफ.सी.आर.) डा. सुमिता मिश्रा के साथ हुई मीटिंग में तहसीलदारों ने बुधवार से काम पर लौटने का फैसला किया। अब बुधवार से ही रजिस्ट्री दोबारा से शुरू हो जाएंगी। तहसीलदार बीते 5 दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इस कारण प्रदेश भर में 10 हजार से ज्यादा रजिस्ट्री पैंडिंग हैं।
हालांकि सरकार ने 9 फरवरी से रजिस्ट्री की जिम्मेदारी एस. डी. एम. डी. आर.ओ. को सौंपी थी, मगर इसका कोई खास फायदा नहीं मिला। इस एक दिन में पूरे प्रदेश में सिर्फ 28 रजिस्ट्री ही हो सकीं। बताया गया कि रैवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन और एफ.सी.आर. के साथ वार्ता में 4 मांगों पर सहमति बनी है और इसके लिए सरकार ने 15 दिन का समय मांगा है।
अधिकारियों की अंतर विभागीय समिति बनेगी
दरअसल मंगलवार दोपहर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डा. सुमिता मिश्रा और भूमि जोत एवं भूमि अभिलेख समेकन निदेशक डा. यश पाल के साथ राजस्व अधिकारियों के प्रतिनिधियों की विस्तृत चर्चा हुई। अफसरों की ओर से उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी सभी समस्याओं पर कानून और स्थापित प्रक्रियाओं अनुसार सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। डा. मिश्रा ने उन्हें आश्वासन दिया कि उचित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा और प्रत्येक मामले पर निष्पक्ष और वस्तुनिष्ठ रूप से विचार किया जाएगा। सरकार के आश्वासनों और आम जनता को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए राजस्व अधिकारियों ने बुधवार से बिना किसी शर्त के अपना कार्यभार संभालने का निर्णय लिया है। बैठक में यह भी आश्वासन दिया गया कि बेहतर समन्वय और नीतिगत मुद्दों के लिए अधिकारियों की एक अंतर विभागीय समिति का गठन किया जाएगा।
5 दिन हड़ताल से 10 हजार रजिस्ट्रियां अटकीं
प्रदेश भर में तहसीलदारों की हड़ताल होने से पिछले 5 दिनों में कामकाज बुरी तरह से प्रभावित रहा। प्रदेश की तहसीलों में जहां 10 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रियां पैडिंग पड़ी हैं तो वहीं जाति प्रमाणपत्र बनाने से लेकर अन्य कई जरूरी काम प्रभावित हुए है। बता दें कि प्रदेश में 3 राजस्व अफसरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर रैवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन ने हड़ताल का फैसला लिया था। एसोसिएशन का कहना है कि गुरुग्राम के वजीराबाद में नायब तहसीलदार, नारायणगढ़ के नायब तहसीलदार संजीव अत्री और पंचकूला के रायपुररानी तहसीलदार विक्रम सिंगला को सस्पेंड और गिरफ्तार करने की कार्रवाई कानूनी तौर से ठीक नहीं है। रैवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन के अनुसार, उन पर कार्रवाई करके भय का माहौल बनाया जा रहा था। ऐसे हालात में उनके लिए काम कर पाना मुश्किल हो रहा था।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)