मंदिर महंत की त्रिशूल से कर दी हत्या, फिर थिनर से जला दिया शव

8/19/2021 4:56:43 PM

होडल (हरिओम): होडल के गांव बंचारी के मंदिर में रहने वाले महंत की त्रिशूल मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद मृतक महंत के शव को थिनर से जलाने की कोशिश की गई। इस हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन पुलिस की सुई साथी महंत की तरफ इशारा कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।

जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव बंचारी स्थित मंदिर पर रहने वाले महंत की किसी ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। शव की पहचान चरणगिरी महाराज के तौर पर की गई। शव कंबल से ढक़ा हुआ था और जब कंबल हटाकर देखा तो पूरा शरीर जला हुआ था। छाती पर तेजधार हथियार के निशान थे। इस पर जब जांच की तो पाया गया कि मृतक पर त्रिशूल से हमला किया गया है और बाद में उसे थिनर केमिकल से जलाने की कोशिश की गई। 

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं इस बारे में गांव निवासी नरवीर ने बताया कि चरण गिरी महाराज उसके गांव के मंदिर पर पिछले करीब 20 वर्षों से रह रहे थे। उनका आरोप है कि बीती रात को महंत के पास मोनी महाराज आए हुए थे। उन्हें उसी पर शक है कि हत्या उसी ने की है। हत्या के बाद से महाराज गायब हैं।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar