हे भगवान! शटर पर रंग करवाने को लेकर भिड़े किराएदार और मैनेजर, वीडियो हुआ वायरल
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 04:12 PM (IST)
फतेहाबाद(रमेश): जिले के भूना इलाके से एक अजीबोगरीब और विवादित मामला सामने आया है। यहाँ की जनता धर्मशाला में दुकान के शटर पर रंग करवाने के छोटे से मुद्दे ने तूल पकड़ लिया, जिसके चलते किराएदार और धर्मशाला के मैनेजर के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस पूरी झड़प का एक वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, भूना स्थित जनता धर्मशाला में दुकान के शटर पर रंग कराने के कार्य को लेकर किराएदार और धर्मशाला के मैनेजर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हाथापाई में बदल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प साफ दिखाई दे रही है। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से अपने-अपने दावे पेश किए जा रहे हैं।
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों ने भूना थाने का रुख किया और अपनी-अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों को गंभीरता से दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों और वीडियो की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी और किस पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज होगा।