आतंकी गिरोह बब्बर खालसा ने दी डेरा प्रमुख को जान से मारने की धमकी!

3/14/2017 7:39:15 PM

सिरसा (सतनाम सिंह):हरियाणा में सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने बताया कि डेरा प्रमुख को एक पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। डेरा अनुयायी विपासना की ओर से इस बारे में पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर बब्बर खालसा के दो संगठनों बब्बर खालसा इंटरनेशनल दमदमी टकसाल और बब्बर खालसा इंटरनेशनल समूह पंथक जत्थेबदियां के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सिरसा पुलिस के उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। डेरा प्रमुख को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस अधिक चौकस हो गई है। थाना प्रभारी ने बताया की शिकायत के साथ एक चिट्ठी भी दी गई है जिसमे पंजाबी भाषा में कुछ लिखा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि डेरा प्रमुख को गत नौ वर्षों से जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। उन पर दो फरवरी 2008 को हमला किया गया था जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। इस घटना में 11 लोग घायल हुए थे। हमले का आरोप खालिस्तान लिबरेशन फोर्स पर लगा था।