हाईवे पर बदमाशों का आतंक: गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर घुसे बदमाश, चाकू मारकर छीने 80 हजार और मोबाइल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 10:10 AM (IST)

कुरुक्षेत्र(ऱणदीप): जिले के ड्राइवर को बदमाशों ने रात के अंधेरे में घेर लिया। बदमाश गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर घुसे और चाकू व पाना दिखाकर उसे चुन्नी से बांध लिया। विरोध करने पर उसकी बाजू पर चाकू मारकर घायल कर दिया। बदमाश करीब 80 हजार रुपये और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। 

खेड़ी मारकंडा के शुभम (31) ने बताया कि वह लोडिंग गाड़ी पर ड्राइवरी करता है। 23 अगस्त शाम करीब 5 बजे वह पिपली की एक फैक्टरी से 450 कुर्सियां लोड कर पंजाब के अहमदगढ़ गया था। रात करीब 10 बजे सामान उतरवाने के बाद वह वापस कुरुक्षेत्र के लिए निकला था।

रात को नींद आने पर रोकी गाड़ी

शुभम के मुताबिक, सामान के करीब 65 हजार रुपये उसके पास थे। इसके अलावा उसके अपने करीब 15 हजार रुपये भी थे। इस तरह उसके पास करीब 80 हजार रुपये थे। वापस आते समय रात करीब 12 बजे मंडी गोबिंदगढ़ साइड उसे नींद आने लगी। तब उसने गाड़ी सड़क किनारे रोककर सोने की कोशिश की।

शीशा तोड़कर घुसे दो बदमाश

कुछ देर बाद 2 बदमाश ईंट से गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर घुस आए। दोनों के हाथ में चाकू थे और एक के पास पाना भी था। उनके 2 और साथी गाड़ी के पीछे खड़े थे। बदमाशों ने आते ही उसके साथ हाथापाई की और चाकू की नोक पर उससे पैसे और नशा देने के लिए धमकाने लगे। 

बाजू पर मारा चाकू 

उसने ऑनलाइन उनके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने की बात कही, लेकिन बदमाश उसके साथ पैसे को लेकर बहस करने लगे। तभी उनमें से एक ने उसकी बाजू पर चाकू मार दिया और चुन्नी से उसके हाथ-पैर बांधकर नहर में फेंकने की धमकी दी। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। 

नहर की तरफ लेकर जाने लगे 

शुभम के मुताबिक, बदमाश उसे अपने साथ नहर ले जाने लगे। इसी दौरान सीट के नीचे से उनके हाथ उसके सारे पैसे लग गए। तब उन्होंने उसे छोड़ दिया। जाते समय कहा कि वे वापस आएंगे और 10 हजार रुपये रखकर बाकी पैसे लौटा देंगे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं आए।

PCR से मांगी मदद 

आरोप लगाया कि घटना के बाद पहुंची PCR से उसने मदद मांगी, लेकिन उसे मौके पर तत्काल सहायता नहीं मिली। उसे पुलिस स्टेशन में शिकायत देने के लिए कहा गया। शुभम में पंजाब पुलिस को मंडी गोबिंदगढ़ थाने में अपनी शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

static