सफाई टेंडर को लेकर थानेसर नगर परिषद में हंगामा, जजपा नेता और चेयरपर्सन पति भिड़े

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 02:30 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : नगर परिषद थानेसर में सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और टेंडर प्रक्रिया को लेकर बुधवार को जजपा नेता योगेश शर्मा और नगर परिषद चेयरपर्सन के पति मलकीत टांडा के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के आरोपों का जवाब दिया और नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल-जवाब हुए।

जजपा नेता योगेश शर्मा ने नगर परिषद में सफाई कार्यों के टेंडरों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में एक वर्ष के भीतर नालों की सफाई के लिए दो बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन आज भी अधिकांश नालों की सही तरीके से सफाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर 40 प्रतिशत कम दरों पर दिए गए और फाइलों पर 2 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है। उन्होंने सफाई कार्यों पर हुए खर्च का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक करने तथा टेंडर प्रक्रिया और विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

योगेश शर्मा ने कहा कि यदि अधिकारी पूरे शहर का दौरा करें तो उन्हें हर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति दिखाई देगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का भी सम्मान होना चाहिए।

वहीं नगर परिषद चेयरपर्सन के पति मलकीत टांडा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नगर परिषद रिकॉर्ड के आधार पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार काम नहीं कर रहे, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जा रहा है तथा शहर में नालों की सफाई का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि वे अधिकारियों के साथ नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और विकास कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराए जा रहे हैं। नगर परिषद कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चलती रही। दोनों ने अपने-अपने पक्ष में दस्तावेज और तर्क प्रस्तुत किए। इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे शहर में रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static