पोते के वियोग में 150 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ा 60 साल का बुजुर्ग(Video)

12/26/2017 2:18:37 PM

जींद: सफीदों के बहादुरगढ़ गांव में एक 60 साल का बुजुर्ग अपने पोते के वियोग में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। दरअसल बुजुर्ग के बेटे के साथ उसकी अनबन हो गई तो उसके बेट ने पोते को मामा के घर भेज दिया। इससे परेशान दादा टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीएम मौके पर पहुंचे। 5 घंटे के बाद एसडीएम द्वारा पोते को मिलवाने का आश्वासन देने पर बुजुर्ग नीचे आया।

गांव बहादुरगढ निवासी कृष्ण कुमार की अपने बेटे कमल दास से करीब तीन माह पहले किसी बात को लेकर अनबन हो गई। जिसको लेकर बेटा कमल दास बाप कृष्ण से अलग हो गया। इसके बाद रिश्ते इतने खराब हुए कि बाप बेटे ने बोलचाल तक बंद हो गई, लेकिन कृष्ण का अपने पोते आलोक से प्यार यू हीं बना रहा। कमल दास ने अपने 4 वर्षीय बेटे आलोक को उसके मामा के गांव देहरा पानीपत में भेज दिया। इसे कृष्ण सहन नहीं कर सका। बार बार कमल को पोते आलोक को लाने के लिए कहा गया, लेकिन वह उसे नहीं लाया।

इस वियोग से परेशान होकर कृष्ण कुमार सोमवार को सुबह 11 बजे 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा। इसकी सूचना सफीदों प्रशासन को दी गई। प्रशासन ने करीब 5 घंटे की मेहनत के बाद कृष्ण को नीचे उतारा गया।

एसएचओ रविंद्र कुमार ने बताया कि कृष्ण को काबू कर लिया गया है। वह बिल्कुल ठीक है। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को इस घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों के अनुसार ही कृष्ण पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं कृष्ण के बेटे कमल दास से भी पूछताछ की जा रही है। एसडीएम वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कृष्ण का कहना है कि, कमल दास द्वारा बार-बार अपने बच्चों को पीटा जाता है। जिसको लेकर ही उससे आमतौर पर अनबन चलती थी। उन्होंने उसके पोते आलोक को भी उससे दूर कर दिया।