जिस राज्य का जितना हिस्सा, उसे मिले उतना ही पानी: केजरीवाल

9/6/2018 10:59:45 AM

चंडीगढ़(दीपक बंसल): दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा, पंजाब व दिल्ली के बीच पानी विवाद पर अपनी पार्टी के स्टैंड को दोहराते हुए कहा है कि मामले को लंबा नहीं खींचना चाहिए। जिस राज्य का जितना हिस्सा है उसे उतना ही पानी मिलना चाहिए। इस मुद्दे पर अब राजनीति नहीं होनी चाहिए। 

दिल्ली स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पानी चाहे यमुना नदी का हो या एस.वाई.एल. का, मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी राज्यों को अधिकार के अनुसार पानी मिलना चाहिए। विवाद का हल भाईचारे के आधार पर या अदालती फैसलों को लागू करके होना चाहिए। लोकतांत्रिक प्रणाली में किसी भी विवाद के यही दो समाधान होते हैं। केजरीवाल ने कहा कि ‘आप’ दिल्ली मॉडल को आधार बना हरियाणा में चुनाव लड़ेगी। इसके लिए पार्टी ने पूरा मास्टर तैयार कर लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने कम समय में सरकारी अस्पतालों और स्कूलों में अभूतपूर्व सुधार किया है।

 वहीं, पड़ोसी राज्य हरियाणा के अस्पताल और स्कूलों की हालत दयनीय है जिसके चलते पार्टी ने सभी हलकों में दिल्ली मॉडल को प्रचारित करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में जहां दो लाख होर्डिंग लगाए जाएंगे वहीं पार्टी कार्यकर्ता सभी स्कूलों और अस्पतालों के आगे खड़े हो लोगों को दिल्ली मॉडल बारे जानकारी देते हुए उन्हें पार्टी के साथ जोडऩे का प्रयास करेंगे। आम आदमी पार्टी इसी मुद्दे को आधार पर हरियाणा के चुनाव मैदान में उतरेगी। हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पैंशन नीति का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न कर्मचारियों संगठनों के साथ बैठकों के बाद पार्टी ने समर्थन का फैसला किया है। इसके चलते 7 अक्तूबर को हरियाणा में कर्मचारियों की रैली में पहुंचकर समर्थन का ऐलान करेंगे। केजरीवाली ने साफ किया कि वह और उनकी पार्टी में पंजाब में हुई राजनीतिक गलतियों को नहीं दोहराएंगे।

‘केवल 4 राज्यों में लोकसभा चुनाव लड़ेगी आप’
आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी का पूरा ध्यान दिल्ली, गोवा, पंजाब और हरियाणा पर है। फिलहाल राजनीतिक मामलों की कमेटी ने इन राज्यों में सभी सीटों पर लोकसभा चुनाव लडऩे का फैसला किया है। अन्य सीटों को चिन्हित किया जा रहा है जहां स्थिति ठीक लगेगी, वहां-वहां चुनाव लडेंग़े। इसके बारे में फैसला पार्टी की बैठक में लिया जाएगा।

हरियाणा में जनता तय करेगी मुख्यमंत्री का चेहरा
दिल्ली छोड़ कर हरियाणा की राजनीति में सक्रिय भूमिका अदा किए जाने के मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा कि वह न मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं और न किसी भी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी अध्यक्ष के नाते चुनाव मुहिम को चलाना जिम्मेदारी है। उनके चुनाव लडऩे व सी.एम. पद को लेकर अटकलों का कोई औचित्य नहीं। राज्य की जनता ही वोट के माध्यम से तय करेगी कि अगला सी.एम. कौन होगा।

Deepak Paul