नोटबंदी से भाजपा ने अपने लोगों के खरबों रुपए किए सफेद: तेजस्वी

2/3/2019 10:08:59 AM

गुडग़ांव/पटौदी(गौरव/घनश्याम): पटौदी में पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव की ओर से आयोजित हरियाणा परिवर्तन रैली में कांग्रेसी नेताओं का हुजूम नजर आया। रैली में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। नोटबंदी व जी.एस.टी. से जहां केंद्र सरकार ने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है, वहीं नोटबंदी से भाजपा ने अपने लोगों के खरबों रुपए सफेद किए हैं।  उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों को हमें सत्ता से बाहर करना ही होगा, भाजपा के राज में देश खतरे में है। राफेल सौदे की चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि राफेल सौदे का घोटाला सीधे-सीधे प्रधानमंत्री ने किया है व 30000 करोड़ रुपए अम्बानी की जेब में डाला है।

 राफेल सौदे में सरकारी रक्षा कम्पनी के ऊपर अम्बानी की कंपनी को फायदा पहुंचाया है। विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने आपसी भाईचारे को तार-तार करने के अलावा कुछ नहीं किया। रैली के आयोजक कै. अजय सिंह ने कहा कि इस मैदान पर राव इंद्रजीत सिंह ने इंसाफ मंच बनाया था व कहा था कि यह मंच जनता को इंसाफ दिलाएगा। अपनी सीट जीतने के लिए राव इंद्रजीत को भेदभाव दिखाई देता है। उसके बाद भेदभाव दिखाई नहीं देता। पिछले साढ़े 4 साल में राव इंद्रजीत सिंह ने क्या किया। रेणुका बिश्नोई ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की धरती पर इतनी ऐतिहासिक रैली मैंने कभी नहीं देखी। मेवात से आए पूर्व विधायक हबीबुर्रहमान, अमन अहमद, सन्नाउल्ला खान, शकुर खान अन्य नेताओं ने भी लोगों को सम्बोधित किया। 
 

Deepak Paul