पहले लड़की को छेड़ा, फिर ब्वॉयफ्रेंड के पेट में घोंप दी कांच की बोतल

2018-04-16T03:56:31.08

चंडीगढ़(ब्यूरो): चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को के बाहर शनिवार रात को एक युवक ने दूसरे युवक के पेट में कांच की बोतल तोड़कर घोंप दी। सैक्टर-26 थाना पुलिस ने आरोपी युवक को काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक की पहचान सेक्टर-22 के रहने वाले पुनीत के तौर पर हुई है और घायल युवक की पहचान सोनीपत के रहने वाले कर्मजीत के तौर पर हुई।

घायल युवक को सेक्टर-32 के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक सेक्टर-22 मार्कीट में कपड़े की दुकान चलाता है, जबकि कर्मजीत सोनीपत में खेतीबाड़ी करता है। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनीपत निवासी कर्मजीत अपनी गर्लफ्रेंड के साथ शनिवार रात सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को में आया था। दोनों डिस्को में डांस कर रहे थे। इसी दौरान पुनीत भी उनके पास आकर डांस करने लगा।

पुनीत ने डांस करते हुए कर्मजीत की गर्लफ्रेंड के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर कर्मजीत ने विरोध किया तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। यहां लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कर करवा दिया था। कुछ समय बाद कर्मजीत अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डिस्को से बाहर निकला तो पुनीत उसे बाहर मिल गया। दोनों के बीच फिर झगड़ा शुरू हो गया।

इस दौरान पुनीत ने हाथ में पकड़ी हुई कांच की बोतल तोड़कर कर्मजीत पर हमला कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पुनीत को काबू कर घायल कर्मजीत को सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत को गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने उसे सेक्टर-32 अस्पताल में रैफर कर दिया। पुलिस ने पुनीत के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जिला अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Content Writer

Rakhi Yadav