SHO ऑफिस के सामने बेटे ने किया पेशाब तो पुलिस ने पिता को जमकर पीटा

7/16/2017 10:57:51 AM

कैथल (जोगिंदर कुंडू):शहर के पुलिस स्टेशन में एक 3 वर्षीय बच्चे द्वारा एस.एच.ओ. के कमरे के बाहर पेशाब करने पर गुस्साए पुलिस कर्मचारियों ने बच्चे के पिता की धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने उसको करीब 3 घंटे तक पुलिस स्टेशन में बैठाए रखा। पीड़ित ने एस.पी. से पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। गांव सेगा निवासी जसविन्द्र सिंह ने मीडिया को बताया कि वह सुबह 10 बजे सिटी पुलिस स्टेशन में वह उसकी बहन के साथ की जा रही घरेलू हिंसा की फरियाद लेकर आया था। जब बाहर बैठे थे तो उसके 3 वर्षीय बेटे गौरव पुलिस स्टेशन के ग्राऊंड में पेशाब कर दिया। तभी एक पुलिस कर्मचारी ने उसकी माता केलो देवी को अपशब्द बोलने शुरू कर दिए।

उसने पुलिस कर्मचारी को भाई साहब कहकर बोला तो उसने मेरे मुंह पर थप्पड़ मारा और बोला कि तुझे भाई साहब दिखाता हूं। इसके बाद 2 पुलिस कर्मचारी उसको पीटते हुए अंदर ले गए। अंदर ले जाने के बाद दोनों पुलिस कर्मचारी व एक अन्य सादी वर्दी में पुलिस कर्मचारी ने उसकी जाति पूछी, जिस पर उन्होंने उसको जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। उधर, जसविंद्र ने जिन पुलिस कर्मचारियों पर आरोप लगाया है, उन्होंने आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि मारपीट, जातिसूचक शब्द एवं लेबर का काम करवाने के आरोप झूठे एवं बेबुनियाद हैं।

मामले की जांच की जाएगी:अशोक
शहर थाना एस.एच.ओ. अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने मौके पर थाने में खड़े कुछ लोगों से बातचीत की है। पुलिस कर्मचारियों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं लेकिन कर्मचारियों ने आरोपों को झूठा बताया है। मौके पर मौजूद लोग दोनों पक्षों की गलती बता रहे हैं। झगड़े के कारणों का पता लगाया जा रहा है।