शादी में नहीं मिली कार तोे दूल्हा हो गया फरार, चक्कर आने के बहाने हुआ रफ्फूचक्कर

2/13/2023 11:45:35 AM

चरखी दादरी (पुनीत) : दादरी के रोहतक रोड स्थित एक वाटिका में शादी समारोह के दौरान फेरों से पहले दूल्हे व उसकी मां द्वारा वधू पक्ष से दहेज में कार मांगने का मामला सामने आया है। यह मांग पूरी न होने पर दूल्हे पक्ष के लोग बिना शादी किए ही वापस लौट गए। यह घटना नौ फरवरी की है। वधू पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 


चक्कर आने का बहाना बनाकर फरार हुआ दुल्हा

दादरी के वार्ड-21 निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी भिवानी के भारत नगर निवासी अभिन्न के साथ नौ फरवरी को होनी थी। इसके लिए उन्होंने दादरी के रोहतक रोड स्थित वाटिका बुक की थी लेकिन शादी में कार न मिलने पर दूल्हा भाग गया। उसने फेरों से ठीक पहले कार की डिमांड रख दी जिसे लड़की के परिवार वाले पूरा नहीं कर सके। यह जानकर उसने चक्कर आने का बहाना बनाया। परिवार वाले उसे अस्पताल जाने की बात कहकर ले गए। वहां से दूल्हा रफू चक्कर हो गया। पुलिस ने दुल्हन के परिवार की शिकायत पर वर पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 


फेरों के लिए बुलाया तो मांगी कार 

बता दें कि चरखी दादरी की लड़की का रिश्ता भिवानी के भारत नगर के युवक से हुआ था। नौ फरवरी की रात रोहतक रोड पर शादी होनी थी। बारात आने के बाद वर पक्ष को फेरों के लिए बुलाया। इस पर दूल्हे व उसकी मां ने कहा कि हमें बाइक नहीं कार चाहिए। इस पर दुल्हन के परिवार ने कहा कि इस वक्त रात को हम गाड़ी कहां से लेकर आएं। यह सुनकर दूल्हे व उसकी मां ने कहा कि हमें 15 लाख रुपए दे दो कार हम खुद खरीद लेंगे। दुल्हन के पिता ने बताया कि जब वह दूल्हे को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे तो दूल्हा वहां से गायब था। यहां तक कि उसकी मां या कोई रिश्तेदार भी वहां नहीं मिले। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Writer

Manisha rana