शीत लहर से कांपा समूचा उत्तर भारत, नारनौल रहा सबसे ठंडा

12/23/2018 11:01:25 AM

चंडीगढ़/करनाल/रेवाड़ी(वार्ता /मजीद/ सरोए /गंगाबिशन): पश्चिमोत्तर सहित समूचा उत्तर भारत व कश्मीर शीत लहर तथा पाले के कारण प्रचंड ठंड से कांप उठा है। वहीं हरियाणा के नारनौल में पारा 2.0 डिग्री तक चला गया। मौसम केन्द्र के अनुसार क्षेत्र में अगले 48 घंटों तक कुछ स्थानों पर प्रचंड शीत लहर तथा पाले और कहीं-कहीं घने कोहरे के आसार हैं। चंडीगढ़ में शुक्रवार की रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। वहीं लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 15.8 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 2.0 दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 19.5 रहा। इसी तरह हिसार में न्यूनतम तापमान 2.7 तो अधिकतम 21.0 दर्ज किया गया। इसके अलावा करनाल में अधिकतम तापमान 20.0, न्यूनतम 4.0, अम्बाला में 18.8 तो न्यूनतम 4.6,रोहतक में अधिकतम तापमान 11.3, न्यूनतम 3.8, भिवानी में अधिकतम 19.3 तो न्यूनतम 5.5, सिरसा में अधिकतम 20.0 तो न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। 

वहीं, रेवाड़ी का तापमान लुढ़ककर डेढ़ डिग्री सैल्सियस तक जा पहुंचा। शुक्रवार को रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान 2.6 रिकॉर्ड किया था। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। वहीं हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र प्रचंड शीत लहर की चपेट में हैं तथा ऊंचाई वाले इलाकों में प्राकृतिक जलस्रोतों की ऊपरी परत जमने लगी है। मौसम केन्द्र के अनुसार अगले 3-4 दिनों में हिमपात के कोई आसार न होने के कारण लोगों को व्हाइट क्रिसमस को लेकर निराश होना पड़ेगा।

Deepak Paul