डेरा में 80 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या, अलमारी से सोने व नगदी गायब

8/4/2017 2:28:03 PM

करनाल (कमल मिड्ढा):करनाल के असन्ध में इस समय दहशत फैल गई जब खिजराबाद मार्ग पर स्थित एक किसान के डेरे पर वृद्ध की निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि 80 वर्षीय बुजुर्ग रात को सही सलामत सोया था। परन्तु सुबह जब परिजनों ने उसका दरवाजा खोला तो वृद्ध मृत मिला जबकि उसकी अलमारी से सोने व नगदी सहित अन्य सामान गायब मिला। पुत्र परमिन्द्र सिंह ने बताया कि उनके पिता रोजाना की तरह रात को सोए परन्तु सुबह जब उनकी पत्नी उन्हें चाय देने गईं तो जीवन सिंह वहां मृत मिले। हत्या के पीछे प्राथमिक तौर पर परिजनों ने लूटपाट का अंदेशा जताया है।

परमिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके डेरे के बाहरी साईड उनके पिता का कमरा था। कमरे में अलमारी व अन्य सामान था। सुबह जब वे कमरे में पंहुचे तो सामान बिखरा हुआ था जबकि सोने के गहनों सहित अन्य कीमती सामान गायब था। वृद्ध की निर्मम हत्या को लेकर इलाके में सनसनी का माहौल है। 

वहीं, डी.एस.पी. दलबीर सिंह ने बताया कि आज सुबह उन्हें हत्या की सूचना मिली थी और सूचना मिलते ही मौके पर एफ.एस.एल. की टीम व डॉग स्कवॉयड को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा। वहीं आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नगर के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया।