वह दिन दूर नहीं जब जजपा का भाजपा में विलय होगा : अभय चौटाला

1/22/2020 9:31:01 AM

चंडीगढ़ (बंसल) : इनैलो नेता अभय चौटाला ने दिल्ली में चुनाव नहीं लडऩे की जजपा की घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब जजपा का भाजपा में विलय होगा। वह मंगलवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के समय भाजपा ने जजपा से समर्थन नहीं मांगा था। जजपा के लोग खुद समर्थन देने के लिए उतावले थे। 

अभय ने कहा कि भाजपा ने इस शर्त के साथ जजपा का समर्थन लिया कि इस पार्टी का भाजपा में विलय किया जाए। उस समय जजपा ने भाजपा नेतृत्व से विलय के लिए थोड़ा समय मांगा था,जो किसी भी समय पूरा हो सकता है। अभय ने कहा कि भाजपा के इशारे पर ही यह लोग हमारी पार्टी से भागे थे। अभय ने चुटकी ली कि पहले दुष्यंत के दादा ओम प्रकाश चौटाला थे फिर रामकुमार गौतम को दादा बनाया। अब तीसरे दादा की तलाश है। 

धान घोटाले में सी.बी.आई. जांच की मांग करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले चावल मिल मालिकों से 1-1 लाख रुपए लिए गए फिर नोटिस खत्म करने हेतु 50-50 हजार रुपए एकत्र हुए और अब गैस एजैंसियों से 15-15 हजार रुपए एकत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में वह जल्द ही सबूत पेश करेंगे। इनैलो नेता ने कहा कि विधानसभा को सरकारी विभाग की तरह चलाया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं। उन्होंने सत्र की अवधि बढ़ाने हेतु सरकार पर कोई दबाव नहीं बनाया। 

Isha