अवैध रूप से चला रहे थे फैक्टरी, सी.एम. फ्लाइंग ने किया सील

2/21/2018 11:58:19 AM

बहादुरगढ़(ब्यूरो): प्रदूषण फैलाने के मामले में परनाला निजामपुर रोड पर चल रही 4 फैक्टरियों को सी.एम. फ्लाइंग व प्रदूषण कन्ट्रोल बोर्ड की टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। यहां पर बैटरी को पिंघलाकर लेड बनाया जाता था।

बताया गया है कि बिना एन.ओ.सी के यह फैक्टरी चल रही थी। पुलिस ने कई गैस सिलैंडर भी यहां बरामद किए है। यह फैक्टरी सन 2015 में सील करने के बाद से अवैध रूप से चल रही थी। इन फैक्टरियों को बिना एन.ओ.सी के कैसे चलाया जा रहा था इसका जवाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों के पास नहीं था। फैक्टरियों के बोर्ड भी गलत नाम से लगाए गए थे। इस कारण फैक्टरियों के नाम का खुलासा नहीं हो पाया। टीम ने फैक्टरियों में छापा मारा तो पाया कि यहां भट्टियां चल रही हैं व बैटरी को पिंघाला जा रहा है। चारों फैक्टरियों को प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की तरफ से एस.डी.ओ अजीत व डा. कृति ने फैक्टरी सील करने का काम किया।