परिवार पर टूटा एक के बाद एक दुखों का पहाड़, मृतक की पत्नी और बहन की हुई मौत

3/15/2018 8:41:13 PM

करनाल(विकास मेहला): नीलोखेड़ी के गांव समानाबाहू के निकट हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में एक महिला और उसकी ननद की मौत हो गई। जबकि महिला का देवर और उसका बेटा समेत ड्राईवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को अस्पताल लाया गया है। लेकिन गंभीर रूप से घायल ड्राईवर को पी.जी.आई चंडीगढ़ भेजा गया है। सभी लोग नीलोखेड़ी के गांव कलसी के रहने वाले है। 

बताया जा रहा है कि कलसी की रहने वाली अनीता का पति सुरेन्द्र पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहा था। उसे किडऩी की बीमारी थी। जिसका पी.जी.आई चंंडीगढ़ में ईलाज चल रहा था। ईलाज के दौरान अनीता के पति सुरेन्द्र की मौत हो गई। अनीता अपने पति सुरेन्द्र के शव को लेकर वापिस घर आ रही थी। सुरेन्द्र का शव एम्बूलैंस में रखा हुआ था। जबकि सुरेन्द्र की पत्नी अनीता, व सुरेन्द्र का भाई मदन लाल व सुरेन्द्र की बहन कृष्णा और सुरेन्द्र का भतीजा मोहित कार में बैठकर एम्बूलैंस के आगे-आगे चल रहे थे। जैसे ही इनकी कार गांव सामानाबाहू के निकट पहुंची तो एक तेज कैंटर चालक ने कार को टक्कर मार दी। 

इस दर्दनाक हादसे में सुरेन्द्र की पत्नी अनीता तथा सुरेन्द्र की बहन कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई मदन लाल, भतीजा मोहित तथा ड्राईवर अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को करनाल के कल्पना चावला मैडिकल कालेज में लाया गया। लेकिन गंभीर हालत के चलते ड्राईवर अरविंद को पी.जी.आई चंडीगढ़ रैफर किया गया। इस हादसे के बाद गांव कलसी में मातम छाया हुआ है।