जेल जाते ही टूट गया राम रहीम का सपना!

8/29/2017 12:41:39 PM

चंडीगढ़(सनमीत थिंद): जेल जाते ही डेरामुखी राम रहीम का अपनी छठी महत्वपूर्ण फिल्म रिलीज करने का सपना टूट गया। इतना ही नहीं, राम रहीम ने आगामी 20 से 25 फिल्मों की स्टोरी भी लिखी हुई थी। उसकी छठी फिल्म ‘ऑनलाइन गुरुकुल’ तैयार हो चुकी थी। केवल कुछ विजुअल का काम ही शेष रह गया था। शॉट के लिए बड़े सैट का निर्माण किया जाना था। 

बड़े बजट की फिल्म थी और इस पर राम रहीम एक साल से ज्यादा समय से काम कर रहा था। यह फिल्म प्राचीन समय में गुरुकुल में दी जाने वाली शिक्षा के विषय पर आधारित थी। राम रहीम के लिए यह फिल्म इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि जहां उसने दूसरी फिल्मों की शूटिंग 30 से 40 दिनों में ही पूरी की थी वहीं इस फिल्म पर वह एक साल से ज्यादा समय से काम कर रहा था। फिल्म में उसकी 4 से 5 भूमिकाएं थीं और दिसम्बर, जनवरी में फिल्म रिलीज होनी थी। 

राम रहीम ही रहा एक्टर, लेखक, गीतकार और निर्देशक
गुरमीत राम रहीम और उसकी बेटी हनीप्रीत इंसां हर फिल्म के कर्ता-धर्ता रहे हैं। ‘एम.एस.जी. वन’ से लेकर छठी फिल्म तक राम रहीम ही फिल्म का हीरो, राइटर, डायरैक्टर, सिंगर, गीतकार, बैंकग्राऊंड सोर्स, सिनेमैटोग्राफर, कोरियोग्राफर और एडिटर्स होता था। उसके साथ गोद ली हुई विवादास्पद बेटी हनीप्रीत इंसां भी भूमिका निभा चुकी है। हनीप्रीत इंसां का पति डेरा प्रमुख और उसके बीच अनैतिक संबंधों के आरोप भी लगा चुका है।