प्रदेश में पहले थी ‘बी.बी.सी.’ की सरकार : मनोहर लाल खट्टर

4/12/2019 9:58:53 AM

सोनीपत(दीक्षित): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले प्रदेश में बी.बी.सी. यानी भर्ती, बदली व सी.एल.यू. की सरकार रही।भर्तियों में इंटरव्यू के नाम पर भ्रष्टाचार होता था। चहेतों को तवज्जो दी जाती थी। बदली के लिए कर्मचारी रोजाना मंत्री, सांसदों के दरबारों के चक्कर लगाते थे और सी.एल.यू. के नाम पर बोली लगती थी। भाजपा सरकार ने इन तीनों क्षेत्रों में पारदर्शिता लाते हुए बड़ा बदलाव किया है। 

मुख्यमंत्री वीरवार को सोनीपत के लोकसभा प्रत्याशी रमेश कौशिक के पक्ष में बड़वासनी में आयोजित विजय संकल्प कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सी.एम. ने बताया कि 2-3 दिन में ही रोहतक व हिसार के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री पद के लिए बेझिझक होकर नरेंद्र मोदी के नाम पर मोहर लगाएं क्योंकि कांग्रेस ने घोटालों व भ्रष्टाचार के अलावा देश को कुछ नहीं दिया। 

उन्होंने कहा कि भर्तियों में युवाओं को अब बेहतर व समान अवसर मिल रहा है। बिना पर्ची व खर्ची के युवाओं को नौकरी मिल रही है। आयुष्मान व उज्ज्वला योजना ने गरीब की जिंदगी को बदल दिया है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग नहीं रहने देना चाहती है। यही कारण है कि जब कोई कश्मीरी नेता कश्मीर व भारत के अलग-अलग विधान की बात करता है तो कांग्रेस चुप रहती है। कांग्रेस की यह स्थिति शर्मनाक है। 

kamal