बाल दिवस पर पूर्व मंत्री ने जवाहर लाल नेहरू के जीवन पर डाला प्रकाश

11/14/2018 4:52:55 PM

नूंह मेवात(ऐके बघेल): हरियाणा कांग्रेस के उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मंत्री चौधरी आफ़ताब अहमद की अध्यक्षता में आज जिला कांग्रेस मुख्यालय नूंह पर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर उन्हें खिराजे अकीदत पेश की गई व इनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। सभी कांग्रेसियो ने चौधरी आफ़ताब अहमद के नेतृत्व में पंडित जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री बच्चों से बेहद प्यार करते थे इसलिए उन्हें चाचा नेहरू के नाम से भी जाना जाता था। जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी थी। महात्मा गांधी के सच्चे वारिस, अदभुत वक्ता, उत्कृष्ट लेखक, इतिहासकार, स्वपनदृष्टा और आधुनिक भारत के निर्माता के ख़िताब से नवाज़े जाने का श्रेय अगर किसी एक व्यक्ति को जाता है तो वो जवाहरलाल नेहरु ही हैं।

चौधरी आफ़ताब अहमद ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने के साथ-साथ भारत के नवनिर्माण, लोकतंत्र को स्थापित करने और उसे मज़बूत बनाने में पंडित जी ने जो भूमिका निभाई, उसके निए भारत हमेशा उनका ऋणी रहेगा। दूसरे विश्व युद्ध के बाद आर्थिक रुप से खस्ताहाल और विभाजित भारत का नवनिर्माण करना कोई आसान काम नहीं था। लेकिन पंडित जी ने अपनी दूरदृष्टि और समझ से जो पंचवर्षीय योजनाएं बनाईं उसके नतीजे अच्छे मिले। अहमद ने कहा कि पंडित जी प्रेस की आज़ादी के भी बड़े भारी पक्षधर थे और कहा करते थे कि प्रेस की आज़ादी बेहद महत्वपूर्ण है।

इसके अलावा भारत को सही ढंग से समझने और अंतराष्ट्रीय मामलों की जो पकड़ पंडित जी की थी वह बेहतरीन थी। अहमद ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को याद कर रही है। देश और प्रदेश का विकास केवल कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष राहुल गांधी देश को जवाहर लाल नेहरू के बताये मार्ग पर ले जाने के लिए सबसे उपयुक्त व क़ाबिल व्यक्ति हैं। 

 
 

Rakhi Yadav