राज्यपाल ने सैनिक स्कूलों के पर्वतारोही अभियान दल को किया रवाना

5/28/2018 10:06:13 AM

चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल पर्वतारोही दल से आह्वान किया कि वह जहां भी जाएं एक भारत-सम्पूर्ण भारत की धारणा को स्थापित करें। राज्यपाल ने यहां राजभवन में देशभर के सैनिक स्कूलों के कैडेट्स के एक पर्वतारोही अभियान दल को झंडा दिखाकर रवाना किया। भारत को विश्व का सिरमौर बनाने के उद्देश्य से एक भारत श्रेष्ठ भारत की थीम को आधार बनाकर इस अभियान का शुभारम्भ किया गया।

राज्यपाल ने इस अभियान में शामिल कैडेट्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अभियान राष्ट्र सम्मान को बढ़ावा देने वाला साहसिक अभियान है और आप 14 जून, 2018 तक इस अभियान की विभिन्न रोमांचित गतिविधियों में शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस टीम में विभिन्न प्रांतों में स्थित 23 सैनिक स्कूलों के कैडेट्स शामिल हैं।

यह दल मनाली क्षेत्र में स्थित ‘लद्दाखी शिखर’ 5342 मीटर नामक चौटी पर तिरंगा फहराएगा। यह दल सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को हासिल करके 14 जून, 2018 को वापस लौटेगा। इस दल का नेतृत्व सैनिक स्कूल, कुंजपूरा की उपप्रधानाचार्य लैफ्टिनैंट कर्नल आस्था कोटनाला कर रही हैं।
 

Rakhi Yadav