NHM में उत्कृष्ट कार्य के लिए हरियाणा को केंद्र से मिलेंगे 40 करोड़ रुपए अतिरिक्त

7/30/2019 10:03:33 AM

चंडीगढ़ (बंसल): हरियाणा को एक बार फिर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया और इस बार स्वास्थ्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की गई, जिसके तहत राज्य को भारत सरकार से मिलने वाली सहायता राशि के अलावा लगभग 40 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इस राशि की घोषणा सोमवार को भारत सरकार द्वारा की गई।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक अमनीत पी.कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए भारत सरकार की कुल सहायता 303.68 करोड़ रुपए थी और प्रोत्साहन राशि लगभग 40 करोड़ रुपए यानी 13 प्रतिशत होगी, जोकि राज्य को स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के सभी नागरिकों को सुगम,किफायती व जवाबदेह स्वास्थ्य देखभाल प्रदायगी प्रणाली मुहैया करवाना है। राज्य ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित किए गए भौतिक व वित्तीय लक्ष्यों अर्थात मातृ मृत्यु दर (एम.एम.आर.),शिशु मृत्यु दर (आई.एम.आर.),नवजात मृत्यु दर (एन.एम.आर.),सम्पूर्ण प्रजनन दर (टी.एफ.आर.),सभी नवजात शिशुओं का पूर्ण टीकाकरण आदि को हासिल करने हेतु गंभीर प्रयास किए हैं। अमनीत पी.कुमार ने बताया ‘सम्पूर्ण तथा निरंतर प्रगति के लिए 6.54 अंकों के साथ हरियाणा को शीर्ष स्थान मिला है। हरियाणा ने अति उन्नत राज्य का दर्जा हासिल किया है।

Shivam