जबरन कार में बिठाकर नाबालिगा को ले गया हैड कांस्टेबल, वापस आया परिजनों ने बनाया बंधक

9/17/2019 12:26:56 PM

राई: मुरथल थाना क्षेत्र के गांव से एक हैड कांस्टेबल आधी रात को नाबालिग लड़की को जबरन कार में बिठाकर ले गया। जब वह 3 घंटे बाद वापस आया तो उसे लड़की के परिजनों ने घेर लिया। हैड कांस्टेबल ने भागने का प्रयास किया तो लोगों ने गाड़ी में तोडफ़ोड़ की और उसे बंधक बना लिया।  करीब 3 घंटे बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।  कार सवार की पहचान हैड कांस्टेबल अनिल के रूप में हुई। लड़की के भाई ने बताया कि रविवार रात सवा 12 बजे एक कार सवार युवक उनके घर के बाहर आया।

उसने उनके घर का दरवाजा खुलवाया तो उसकी 16 वर्षीय बहन ने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खोलते ही युवक उसकी बहन को जबरन कार में बिठाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने लड़की की तलाश शुरू कर दी। तड़के 3 बजकर 6 मिनट पर कार सवार वापस आया तो उन्होंने उसे घेर लिया। कार में उसकी बहन भी सवार थी और रो रही थी। कार सवार वापस भागने लगा तो उन्होंने शीशे पर हाथ मारा जिससे शीशा टूट गया। उन्होंने कार सवार को उतार लिया। 

उसकी बहन ने कुछ भी कहने से मना कर दिया।  जिस पर लोगों ने हैड कांस्टेबल अनिल को 3 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। सूचना देने पर मुरथल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व हैड कांस्टेबल को साथ ले गई। पुलिस ने लड़की के भाई के बयान पर हैड कांस्टेबल के खिलाफ  केस दर्ज कर लिया है। 

नाबालिग लड़की के भाई ने हैड कांस्टेबल पर लड़की को जबरन कार में बिठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। उसके बयान पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। हैड कांस्टेबल को राऊड अप कर जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी। 
-सुमित कुमार, थाना प्रभारी मुरथल।

Isha