स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लड़का होने की दवाई देने वाली महिला पकड़ी

11/23/2018 9:07:23 AM

पिहोवा(बंसल): स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर पिहोवा पुलिस के साथ मिलकर पंजाब के गांव छन्ना देवीगढ़ जिला पटियाला में क्लीनिक चला रही एक महिला को लड़का होने की दवाई देने के आरोप में काबू किया है। टीम ने बोगस ग्राहक द्वारा दिए 2,000 रुपए के चिन्हित नोट भी आरोपी महिला से बरामद किए हैं। टीम ने महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

डिप्टी सी.एम.ओ. आर.के. सहाय ने बताया कि सी.एम.ओ. डा. सुखबीर सिंह को सूचना मिली थी कि छन्ना में रणजीत कौर क्लीनिक चलाकर जनता को शर्तिया लड़का होने की दवाई देकर ठग रही है। उन्होंने डिप्टी सी.एम.ओ. आर.के. सहाय के नेतृत्व में टीम गठित की। इसमें पिहोवा के कार्यवाहक एस.एम.ओ. डा. अजीत पाल सिंह, डा. गौरव व डा. राजीव को जांच के लिए भेजा। डिप्टी सी.एम.ओ. सहाय ने बताया कि उन्होंने बोगस ग्राहक तैयार कर रणजीत कौर से बात करवाई। 

रणजीत कौर ने उसे 2,000 रुपए लेकर छाना स्थित क्लीनिक पर बुलाया। वहां उक्त महिला ने उससे 2,000 रुपए लेकर शर्तिया लड़का होने की दवाई दे दी। इशारा मिलते ही टीम ने महिला को काबू कर लिया। डिप्टी सी.एम.ओ. सहाय ने बताया कि रणजीत कौर के तार कुरुक्षेत्र, कैथल व अम्बाला जिलों से जुड़े थे। वह देसी दवाई देती थी जो बीज टाइप में थी। इसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
 
 

Rakhi Yadav