इनाम राशि में कटौती के फैसले पर सरकार कर रही विचार : खट्टर

5/19/2018 8:32:38 AM

सोनीपत(दीक्षित): कॉमनवैल्थ खिलाडिय़ों के सम्मान समारोह के रद्द होने के बाद एक बार फिर सरकार बैकफुट पर है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संकेत दिए हैं कि ईनाम राशि कटौती के फैसले पर सरकार फिर से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए खिलाडिय़ों का हित सर्वोपरि है। 

मुख्यमंत्री शुक्रवार को खरखौदा में दीनबंधु छोटूराम कुश्ती अकादमी का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान स्टार खिलाड़ी योगेश्वर दत्त, बजरंग पुनिया व मौसम खत्री भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दीनबंधु छोटूराम कुश्ती अकादमी के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल, राई (सोनीपत) को खेल विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाएगा। 

वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ी हमारे देश की शान है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन भी इस दौरान मौजूद रहे। इसके अलावा हरियाणा पिछड़ा वर्ग विकास निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा महिला प्रदेश उपाध्यक्ष कविता चौधरी, जिलापरिषद के उप चेयरमैन विजेंद्र मलिक, देवेन्द्र कौशिक, कुलदीप काकरान व प्रीतम खोखर मौजूद रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष डा. धर्मबीर नांदल मौजूद रहे। 

बजरंग पूनिया नहीं बैठे मंच पर 
कॉमनवैल्थ में कुश्ती का स्वर्ण पदक जीतने वाले स्टार खिलाड़ी बजरंग पूनिया ने समारोह के दौरान मंच पर बैठने से इंकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार खिलाडिय़ों के सम्मान के लिए पुख्ता कदम नहीं उठाती वह मंच पर नहीं जाएंगे। हालांकि कुछ देर बाद साथी पहलवान बजरंग पूनिया को मंच पर ले गए। इस दौरान ओलिम्पिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त, कॉमनवैल्थ पदक विजेता बजरंग पूनिया, कॉमनवैल्थ पदक विजेता मौसम खत्री, अर्जुन अवार्डी संजय पहलवान, अर्जुन अवार्डी ओमबीर, अर्जुन अवार्डी अशोक गर्ग व अर्जुन धर्मेंद्र व अन्य कुश्ती खिलाड़ी मौजूद रहे।

Rakhi Yadav