गोली लगने से घायल महिला ने तोड़ा दम

2/8/2017 4:44:04 PM

डबवाली (संदीप):बीती 2 फरवरी को चौटाला की जिस महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में खुद के ही लाइसैंसी रिवाल्वर से गोली लगी थी, उसकी बीती रात उपचार के दौरान सिरसा के सिविल अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के चाचा के बयानों के आधार पर चौटाला चौकी पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई दर्ज की है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया।
बता दें कि मृतक महिला अलका के जेठ सतबीर की बीती 11 जनवरी को चौटाला गांव में किन्नू प्लांट पर हुए दोहरे हत्याकांड में हत्या कर दी गई थी। परिवार अभी इस सदमे से बाहर भी निकल पाया था कि अब परिवार की छोटी बहू की मौत हो गई। चौटाला चौकी इंचार्ज बलबीर शर्मा ने बताया कि अलका का उपचार बङ्क्षठडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उसे सोमवार को सिरसा के सिविल अस्पताल उपचार के लिए लाया गया था। उपचार के  दौरान अलका की सोमवार रात करीब 11 बजे मौत हो गई। आज सुबह उन्हें अलका की मौत की सूचना मिली। मृतका अलका के चाचा स्वर्ण कुमार निवासी चंदुरावाली जिला हनुमानगढ़ के बयानों पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। स्वर्ण कुमार ने कहा है कि बीती 2 फरवरी को वे डबल मर्डर में मारे गए सतबीर की मृत्यु पर शोक जताने चौटाला उनके घर आए हुए थे। अलका ने पहले चाय-पानी दी। इसके बाद वह जूस बनाने का कहकर कमरे में चली गई। कुछ ही मिनटों बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद कमरे के बाहर बैठी महिलाएं अंदर गईं। इसके बाद तुरंत वह भी कमरे में पहुंचे। उन्होंने देखा कि अलका जमीन पर गिरी हुई है। उसके पास रिवाल्वर पड़ा हुआ है। अलका के सिर से खून बह रहा था। इसके तुरंत बाद उसे इलाज के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल लाया गया।