शहर सिविल अस्पताल में व्यवस्था बदहाल, 1 बैड पर 2-2 मरीज

6/15/2019 9:48:24 AM

अम्बाला (रीटा/सुमन): शहर का सिविल अस्पताल जिला स्तर का सरकारी अस्पताल है लेकिन यहां मरीजों के लिए पर्याप्त बैड भी नहीं हैं। इस भयंकर गर्मी में भी 2-2 मरीजों को एक साथ एक बिस्तर पर सोना पड़ रहा है। अनिल विज के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद इसकी हालत में काफी सुधार हुआ है लेकिन अभी भी काफी सुधार की जरूरत है। अम्बाला छावनी में तो वातानुकूलित नया भव्य सिविल अस्पताल बन गया है। शहर के अस्पताल की कायाकल्प होना भी जरूरी है। 
शुक्रवार सुबह अस्पताल के ऑप्रेशन थिएटर में करीब 2 दर्जन महिलाओं के ऑप्रेशन किए गए। ऑप्रेशन के बाद उन्हें सामान्य महिला वार्ड में भेजा गया। वहां बैड इतने कम थे कि 1-1 बिस्तर पर 2-2 महिलाओं को लेटना पड़ा। महिलाओं को करवट बदलने की भी दिक्कत आ रही थी। ज्यादातर महिलाएं अम्बाला के आस-पास के गांवों की थीं। कुछ महिलाओं के साथ आए अभिभावकों ने इस पर ऐतराज जताया। उनका कहना था कि अस्पताल के वार्डों में पंखे वैसे ही कम हैं और इस भयंकर गर्मी में ऑप्रेशन के बाद महिलाओं से इस तरह का व्यवहार उनके साथ ज्यादती है। उनका कहना था कि वे इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री से गुहार करेंगे।
अम्बाला शहर का मौजूदा सिविल अस्पताल फिलहाल 200 बिस्तरों का है। सरकार ने इसे 300 बिस्तरों का बनाने को मंजूरी दी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जल्दी ही इसके निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।

Isha