वरिष्ठ पत्रकार कुलवन्त शर्मा का अंतिम संस्कार सम्पन्न, पार्षद बेटे ने दी मुखाग्नि

12/22/2017 9:05:39 PM

पानीपत/चंडीगढ़(धरणी): पानीपत के वरिष्ठ पत्रकार कुलवंत शर्मा के निधन से पत्रकार जगत में तो शोक की लहर है ही साथ ही सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी इस समाचार के मिलते ही काफी दु:खी हुए। पत्रकार शर्मा काफी लम्बे समय तक पंजाब केसरी व अन्य समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से वह इलैक्ट्रॉनिक मीडिया में काम कर रहे थे। पंजाब केसरी के सयुंक्त एडिटर श्री अविनाश चोपड़ा जी ने भी कुलवंत शर्मा के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है।

 वार्ड-16 आजाद नगर निवासी कुलवंत शर्मा का इलाज पिछले करीब दो सप्ताह से दिल्ली के कुछ निजी अस्पतालों में चल रहा था। दिल्ली के ही गोबिंद वल्लभ पंत अस्पताल में कुलवंत शर्मा का वीरवार को देर रात निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पर पानीपत क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। शर्मा अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी किरण शर्मा का निधन दो साल पहले डेंगू की वजह से हो गया था। उनका बेटा मनोज शर्मा भाजपा से मनोनीत पार्षद हैं। 

पत्रकार कुलवंत शर्मा की अंतिम संस्कार किशनपुरा स्थित शमशान घाट में दोपहर बाद कर दिया गया। जिन्हें मुखाग्रि उनके पार्षद पुत्र मनोज शर्मा ने दी। शर्मा की अंतिम यात्रा में न केवल पत्रकार जगत से जुड़े लोग बल्कि प्रशासनिक अधिकारी, कर्मी, राजनीतिक पार्टियों से जुड़े नेता, अधिवक्ता एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सैकड़ों की तादाद में भाग लिया। जिनमें शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी, भाजपा नेता सुरेन्द्र रेवड़ी, ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, नगर सुधार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मुकेश टुटेजा, भाजपा नेता संजय भाटिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, तरुण गांधी कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल आहुजा, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश जैन, बार एसोसिएशन के प्रधान निर्मल सिंह गुर्जर, डी.एस.पी. मुख्यालय जगदीप दून, डी.एस.पी. समालखा नरेश अहलावत, पार्षद लोकेश नागरू, सुरेन्द्र दहिया, पार्षद दुष्यंत भट्ट, पार्षद सुरेन्द्र गर्ग, राजेश कौशिक अधिवक्ता, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता, अधिवक्ता मोमीन मलिक आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

 हरियाणा प्रदेश से कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर, कोषाध्यक्ष तरुण भंडार, स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज, मीडिया एडवाइजर अमित आर्य, कांग्रेस सेवा दल से जुड़े एडवोकेट सुखविंदर नारा, ख्याति प्राप्त वकील रणधीर सिंह बाद्रां, शिव सेना प्रदेशाध्यक्ष हरकेश शर्मा इत्यादि ने कुलवंत शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।