प्रेमिका के चरित्र पर शक करता था प्रेमी, दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

2/4/2024 2:20:08 PM

सिरसा : सिरसा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां जिले में शनिवार रात युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद ही पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। मृतका महिला विधवा है और एक बच्चे की मां भी है। युवक ने अपनी प्रेमिका के चरित्र पर शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद युवक को लगा कि उसने गलत किया है तो उसने अपनी प्रेमिका को अपनी बाइक पर उठाया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। 

शादीशुदा थी मृतका महिला

जानकारी के मुताबिक जगदेव सिंह चौक पर रहने वाली 32 वर्षीय सुमन का शहर की बत्रा वाली गली में रहने वाले 25 वर्षीय सन्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुमन के पति सुरेश कुमार की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। वह एक बच्चे की मां थी। शुरुआती जांच में पता चला है सुमन व सन्नी एक साथ कॉस्मेटिक की दुकान में काम करते थे। वहीं से दोनों में प्रेम प्रसंग की शुरुआत हो गई। कुछ दिनों से सन्नी को शक था कि सुमन किसी दूसरे शख्स के साथ संपर्क में है। सन्नी सुमन के चरित्र पर संदेह करने लगा। शनिवार रात को उसने सुमन को मिलने शहर के टाउन पार्क में बुलाया। यहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद तैश में आकर सन्नी ने सुमन के पेट में चाकू घोंप दिया। 

सूत्रों के अनुसार प्रेमी सन्नी को जब पता चला कि उसकी प्रेमिका सुमन की मौत हो चुकी है तो वह फरार होने की बजाए सीधा पुलिस के पास पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana