प्लाट की नींव भरते समय हुआ विवाद, शख्स की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या

9/14/2020 11:57:15 AM

जींद (जसमेर मलिक): अमरहेड़ी गांव में प्लाट की नींव भरते समय हुए विवाद में एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने अर्बन एस्टेट निवासी 52 वर्षीय संजीव गोयल को मृत घोषित कर दिया और पीयूष की गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया। 

इस घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में 7 को नामजद कर 7-8 अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में आज होगा।



जानकारी के मुताबिक अर्बन एस्टेट निवासी संजीव गोयल रानी तालाब पर वसिका नवीस का काम करता था। वर्ष 2014 में उसने गांव अमरहेड़ी निवासी सावित्री से 270 गज का प्लाट खरीदा था। प्लाट खरीदने के बाद सावित्री के परिवारवालों ने उस जमीन पर अपना हक जताया। इसके बाद जमीन के दावे को लेकर अदालत में मामला चलता रहा। बाद में संजीव गोयल के पक्ष में फैसला आया। 

रविवार को संजीव गोयल प्लाट की नींव भरने के लिए मजदूरों को लेकर गया था। सुबह नींव भरने का काम शुरू किया तो इसी दौरान महिला के परिजन रामगोपाल के भतीजे प्रेम और सतीश करीब 10-12 लोगों के साथ वहां पर पहुंचा। जहां पर संजीव गोयल के साथ कहासुनी होने के बाद सभी हमलावर संजीव को देख लेने की धमकी देकर चले गए थे। 

दोपहर बाद प्रेम, सतीश और उनकी मां संतोष लगभग 10-12 लोगों को साथ लेकर वहां पर पहुंच गए और आते ही संजीव गोयल व उसके भतीजे पीयूष पर हमला लाठी व डंडों से हमला कर दिया। इसमें वह दोनों बूरी तरह से घायल हो गए। घायलों को शहर के सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने संजीव गोयल को मृत घोषित कर दिया। इस बारे सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक के भतीजे अंकित के बयान पर सदर थाना पुलिस ने प्रेम, सतीश, प्रेमराज, रविंद्र, हजारी, हजारी का लड़का और उनकी मां संतोष को नामजद कर 7-8 अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

vinod kumar