मंत्री ने किया था रोटी बैंक का उद्घाटन, नगर निगम ने अवैध कहकर गिराया(VIDEO)

7/6/2018 12:55:21 PM

सोनीपत(पवन राठी): अधिकारी किस कदर बेपरवाह हैं इसका एक नमूना फिर एक बार देखने को मिला। बहालगढ़ रोड पर सामान्य अस्पताल के गेट के पास डेढ़ माह पहले जिस रोटी बैंक का कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने उद्घाटन किया उसे वीरवार को नगर निगम की टीम ने इसे अवैध बताकर जे.सी.बी. चलाकर गिरा दिया। इस दौरान खाना भी बर्बाद हो गया। रोटी बैंक जन कल्याण एवं जनसुधार समिति की तरफ  से शुरू किया गया था। समिति पदाधिकारियों का आरोप है कि रोटी बैंक को गिराने के लिए उन्हें किसी तरह का नोटिस तक नहीं दिया गया। वहीं, कब्जा गिराने आए अधिकारियों ने कहा कि नोटिस देने के बाद भी जब कब्जा नहीं हटाया तो उसे गिरा दिया गया।

जनकल्याण एवं जनसुधार समिति ने नागरिक अस्पताल के बाहर रोटी बैंक की शुरू किया था। रोटी बैंक का उद्घाटन 20 मई को कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने किया था। वीरवार को नगर निगम की टीम एक्स.ई.एन. अंकित लोहान के नेतृत्व में रोटी बैंक पर पहुंची। टीम ने रोटी बैंक को अवैध निर्माण बताकर गिरा दिया। इस दौरान रोटी बैंक के संचालक अमरजीत सिंह ने तोडऩे से पहले नोटिस दिए जाने की बात कही थी। उसके बावजूद रोटी बैंक को गिरा दिया गया

 इस दौरान खाना भी बर्बाद हो गया। रोटी बैंक पदाधिकारियों ने विरोध भी किया लेकिन नगर निगम की टीम के सामने उनकी एक न चली। अमरजीत ने बताया कि रोटी बैंक में जरूरतमंदों के प्रतिदिन नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की गई थी। स्वयं कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने इसका उद्घाटन किया था। उद्घाटन के दौरान प्रशासनिक अमला यहीं पर मौजूद था। अगर यह निर्माण गलत था तो इसका उद्घाटन नहीं होने देना चाहिए थे। इस तरह डेढ़ माह बाद अचानक इसे गिरवाना गलत है। 
 

नहीं खाने दिया खाना, किया बर्बाद 
अमरजीत ने आरोप लगाया कि जिस समय नगर निगम की टीम रोटी बैंक को गिरवाने के लिए पहुंची उस समय कई जरूरतमंद लोग खाना खाने आए हुए थे। टीम ने उन्हें खाना भी नहीं खाने दिया और भगा दिया। बाद में रोटी बैंक को जे.सी.बी. से तोड़ दिया। इस दौरान तैयार खाना भी बर्बाद हो गया। 

Deepak Paul