जमानत पर चल रहे युवक पर बदमाशों ने की फायरिंग

9/22/2019 12:35:08 PM

जींद (राठी): शहर के हुडा ग्राऊंड स्थित एल.आई.सी. ऑफिस में घुसकर बाइक सवार बदमाशों ने हत्या मामले में जमानत पर चल रहे एक आरोपी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिसमें युवक को 2 गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया। युवक को पी.जी.आई. रोहतक रैफर किया गया है।  

शनिवार दोपहर को शहर की रामनगर कालोनी का रहने वाला युवक आशु (23) हत्या के एक मामले में इन दिनों जमानत पर चल रहा है। पेशी भुगतने के बाद दोपहर को 3 दोस्तों के साथ हुडा ग्राऊंड होते हुए पैदल घर जा रहा था। जब वह एल.आई.सी. आफिस के सामने पहुंचा तो एक बाइक व कार में सवार होकर कुल 4 युवकों ने उसे घेर लिया। सभी के हाथों में पिस्तौल थे। इस पर युवक आशु बचने के लिए भागकर एल.आई.सी. आफिस में घुस गया। उसके पीछे-पीछे बदमाश भी आफिस में घुस गए और बदमाशों ने आशु पर फायरिंग कर दी। 

आशु को इस दौरान कंधे व पीठ में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। बाद में डी.एस.पी. कप्तान सिंह, सी.आई.ए. इंस्पैक्टर वीरेंद्र सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी राकेश कुमार सिविल अस्पताल पहुंचे। डी.एस.पी. कप्तान सिंह का कहना है कि जिस युवक को गोली मारी गई है वह हत्या के मामले में आरोपी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी हुई है। 

Isha