कांग्रेस का भाजपा पर बड़ा अटैक, 20 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप

3/5/2017 9:25:55 AM

गुड़गांव(गौरव):कांग्रेसी नेताओं ने प्रदेश में एक बार फिर से राजनीतिक घमासान शुरू कर दिया है। इस बार कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ा अटैक किया है। प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने गुड़गांव के एक निजी होटल में प्रैसवार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर घोटालों की झड़ी लगा दी। तंवर ने भाजपा पर नेताओं की मिलीभगत से करीब 20,000 करोड़ का घोटाला करने का आरोप लगाया है। अशोक तंवर ने कहा कि सबसे बड़ा घोटाला हाल ही में गवाल पहाड़ी की 464 एकड़ जमीन  को लेकर हुआ। यह जमीन पहले पंचायती थर, बाद में निगम के अंडर आ गई थी। इस जमीन की मुटेशन मैट्रोवैली प्राइवेट लिमिटेड के नाम कर दी गई थी। मामला जब उजागर होने लगा तो कुछ दिन पहले ही जमीन की मुटेशन रद्द भी करवाई गई। इसी तरह पहले से तैयार मैट्रो रूट को एक भाजपा नेता की जमीन को फायदा पहुंचाने के लिए बदल दिया गया, जिससे 1200 करोड़ से जयादा का खर्च बढ़ गया। 

सरकारी बैंक की एक बिल्डिंग को दीप माला को महज 7 लाख रुपए में किराए पर दे दिया गया। जबकि खुद गुड़गांव में कई सरकारी विभाग किराए की बिल्डिंग में चल रहे हैं। इसी तरह बादशाहपुर में डी.पी.आर. घोटाले को अंजाम दिया गया है। इन सब घोटालों को लेकर कांग्रेस 7 मार्च को विधानसभा का घेराव करके मामले की सी.बी.आई. से जांच करवाने की मांग करेगी। तंवर ने बताया कि पार्टी के बड़े नेता सभी जिलों में विधासभा घेराव को लेकर कार्यकर्ताओं को एकत्र कर रहे हैं। विधानसभा घेराव के बाद गुड़गांव में भी कांग्रेस एक बड़ा आंदोलन करके भाजपा शासन में हो रहे भ्रष्टाचार की पोल खोलेगी।