बंगाल की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फैंकने की जनता कर रही है पुकार : सीएम नायब सैनी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 06:53 PM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को सत्ता परिवर्तन के संकल्प के साथ पश्चिम बंगाल की धरती पर पहुंचे और वहां के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस बार भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री सैनी ने गरज के साथ बंगाल सरकार पर जमकर सियासी वार किए ।

मुख्यमंत्री ने लोगों के समक्ष हरियाणा का विकास मॉडल रखते हुए कहा कि स्वर्णिम और विकसित बंगाल बनाने के लिए जनता परिवर्तन संकल्प को मजबूत करने का कार्य करेगी । उन्होंने पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास आधारित राजनीति के महत्व पर बल दिया। मंगलवार को बंगाल के 24 परगना के कुल्पी में परिवर्तन यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि देश में विकास और परिवर्तन की भावना लगातार मजबूत हो रही है।

PunjabKesari

उन्होंने कहा कि उन्हें हरियाणा की भूमि से बंगाल के लोगों के बीच आने का मौका मिला है,  जिस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया। इस दौरे के पश्चात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फेसबुक पेज पर लिखा कि ' आज पश्चिम बंगाल में कुलपी की धरती पर बंगाल के मेरे परिवारजनों के बीच उपस्थित होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। यह परिवर्तन केवल सत्ता परिवर्तन नहीं होगा, बल्कि विकास, सुशासन और सम्मान की नई शुरुआत होगी। यह वही धरती है जहां से “वंदे मातरम्” का मंत्र पूरे देश में गूंजा और स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा मिली। बंगाल की समृद्ध संस्कृति, संघर्ष और देशभक्ति की परंपरा सदैव पूरे देश को प्रेरित करती रहेगी।

आज के इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मैं सभी माताओं, बहनों, युवाओं और कार्यकर्ता साथियों को हृदय से नमन करता हूं। इतनी बड़ी संख्या में यहां उपस्थित होकर इस परिवर्तन के संकल्प को मजबूत करने के लिए मैं सभी का हृदय से धन्यवाद एवं आभार प्रकट करता हूं ।' एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि 'बंगाल यात्रा के दौरान कोलकाता स्थित पौराणिक 'कालीघाट शक्तिपीठ' में मां के दिव्य दर्शन कर जीवन धन्य हुआ। शक्ति और भक्ति की प्रतीक 'मां' के चरणों में नतमस्तक होकर समूचे विश्व में शान्ति और सद्भाव की प्रार्थना की। मां काली का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे एवं सभी का कल्याण हो, ऐसी मंगलकामना है।'

 जनता से अन्याय कर रही है बंगाल सरकार

मुख्यमंत्री नायब सैनी  ने कहा कि बंगाल मछली पालक किसानों की धरा है। यहां के लोगों ने इतिहास व संस्कृति को बदलने का कार्य किया। बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भावना पूरे देश में फैली है। बंगाल की माटी के लोग हमारे लिए गर्व और गौरव हैं। इस धरा ने स्वामी विवेकानन्द, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नेता जी सुभाष चन्द्र बोस, बंकिमचन्द्र चटर्जी जैसे महान सपूत दिए हैं। यहां के रणबांकुरों ने देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि बंगाल की भूमि ने वंदे मातरण का मंत्र देकर देश में राष्ट्रवाद की ज्योत जलाई जो आज भी जग रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बंगाल की लचर पचर, भ्रष्टाचार में फंसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्तन की पुकार है। बंगाल की जनता बदलाव और विकास के साथ चलकर भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है। इसी उत्साह एवं जोश के साथ लोगों का भारी संख्या में जनसभा में आना इस बात का संकेत है कि बंगाल अब परिवर्तन की राह पर गति से आगे बढ रहा है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि 24 परगना की खास पहचान है कि यहां की जनता मेहनती है, समुद्र के किनारे बसे मछुआरे किसान मेहनत से जीवन यापन कर रहे हैं। किसानों को सुविधाएं व बाजार नहीं मिल रहे, युवा बेरोजगार हैं और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंसा का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं व चक्रवात से होने वाले नुकसान की भरपाई भी नहीं की। नाले टूट गए, खेती बह गई, उनका पैसा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। बंगाल का भ्रष्टाचार किसी से छुपा हुआ नहीं है। सरकार जनता के साथ बहुत अन्याय कर रही है।

 PunjabKesari

घुसपैठियों की सुरक्षित जगह बन गया है बंगाल

 मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि जिस धरती के महापुरुषों ने देश चलाने का काम किया और आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया, उनके लोगों को यह दिन देखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहां का युवा अन्याय की दीवार और भ्रष्टाचारी सरकार को गिराने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार ने काम नहीं किया, बल्कि बंगाल से उद्योग उजाड़ने का काम किया है। जनता में आक्रोश है। बंगाल में सरकार ने घुसपैठियों के लिए सुरक्षित जगह बनाई है। सरकार की गलत नीतियों के कारण लोकतंत्र खतरे में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। हरियाणा में 5 लाख रुपए तक का ईलाज अस्पतालों में मुफ्त किया जा रहा है। अब तक 27 लाख परिवारों ने इसका लाभ उठाया है जिसके 450 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार ने दिए हैं, लेकिन बंगाल सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचाया। उन्होंने चिंता जताई कि कई पात्र लोगों तक इस योजना का लाभ प्रशासनिक और राजनीतिक कारणों से नहीं पहुंच पाया। जबकि हरियाणा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है और भारत की विश्व स्तर पर चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में साख बढी है। यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकास की राजनीति से ही सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। जब तक नारी सशक्त नहीं होती तब तक देश पूर्ण रूप से तरक्की नहीं कर सकता। इसलिए सरकार ने तीन लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का निर्णय लिया है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए की राशि दी जा रही है। अब तक 5 किस्तों में 750 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है।

 बंगाल में महिलाओं पर बढ़ रहे हैं अत्याचार

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जिस राज्य में मुख्यमंत्री महिला होने पर भी वहां की महिलाएं सुरक्षित नहीं और उन पर अत्याचार हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश की राष्ट्रपति का बंगाल की भूमि पर अपमान हुआ है। आगामी चुनाव में जनता विशेषकर महिलाएं बंगाल सरकार को सबक सिखाने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा छोटा राज्य होने के बावजूद “डबल इंजन सरकार” के मॉडल के तहत विकास और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ और नीतियां जनहित में बनाई जाती हैं, तो उनका लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के रोजगार और उद्योगों के लिए ऐसी नीतियां बनाई जानी चाहिएं, जिसमें उद्योगों को बढ़ावा मिले और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि विकास केंद्रित शासन से उद्योगों का पलायन रुकता है और युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार के अवसर मिलते हैं। मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन और पारदर्शिता की आवश्यकता पर भी बल देते हुए कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और जवाबदेही चाहती है। उन्होंने लोगों से विकास और प्रगति की राजनीति का समर्थन करने का आह्वान करते हुए एक मजबूत व समृद्ध बंगाल के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया ।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)    


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static