लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव करवाए जाने को लेकर गर्माया सियासी माहौल

2/12/2019 10:28:26 AM

सिरसा (संजय अरोड़ा): हरियाणा के सियासी गलियारों में इन दिनों यह चर्चा जोरों पर है कि क्या हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ ही करवाए जा सकते हैं या फिर विधानसभा के चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही होंगे।  इस बारे में प्रदेश के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं की भी अलग-अलग राय है। सत्ताधारी दल भाजपा के नेता विधानसभा के चुनाव लोकसभा के साथ करवाए जाने से इंकार कर रहे हैं तो वहीं अधिकांश विपक्षी दल दोनों चुनाव एक साथ करवाए जाने की संभावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

हरियाणा के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के नेताओं को लगता है कि सरकार हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ ही करवाए जाने की तैयारी कर रही है और भाजपा मोदी के नाम के सहारे हरियाणा में फिर से सत्ता पर काबिज होने का ख्वाब देख रही है, जबकि इनैलो व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी द्वारा ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ नहीं होंगे। 

यदि विधानसभा के चुनाव संसदीय चुनावों के साथ होते हैं तो ऐसी स्थिति में सभी विपक्षी दल यह बात जरूर कह रहे हैं कि वे एक साथ होने वाले चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं और इसका स्वागत करेंगे। अब देखना यह होगा कि सरकार विधानसभा के चुनाव तय समय पर इसी वर्ष अक्तूबर में करवाती है या फिर इसी माह के अंत में किसी भी दिन विधानसभा भंग करने की सिफारिश करते हुए विधानसभा के चुनाव लोकसभा के साथ ही करवाती है। बहरहाल इन चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी गलियारा अवश्य गर्माया हुआ है।

निर्धारित समय पर ही होंगे विधानसभा चुनाव : जैन

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन का कहना है कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव किसी कीमत पर संसदीय चुनावों के साथ नहीं होंगे और यह चुनाव अपने निर्धारित समय पर अक्तूबर में ही होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी इस वक्त पूरी तरह से संसदीय चुनावों की तैयारी में जुटी है और हमारा मिशन फिर से केंद्र में स्पष्ट बहुमत हासिल करके नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाना है और निश्चिततौर पर इसमें हमें सफलता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद जब भी विधानसभा चुनाव हुए तो हरियाणा में भी मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में फिर से भाजपा सरकार बनेगी।

दोनों चुनाव एक साथ होने की उम्मीद कम : अरोड़ा

इनैलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा का कहना है कि उन्हें इस बात की कम उम्मीद नजर आती है कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ करवाने की सिफारिश प्रदेश सरकार करे। उन्होंने कहा कि यदि दोनों चुनाव एक साथ होते हैं तो उनकी पार्टी इसका स्वागत करेगी, क्योंकि इससे सरकार का खर्चा बचेगा। अरोड़ा ने कहा कि दोनों चुनाव एक साथ हुए तो इनैलो इसके लिए पूरी तरह से तैयार है और हम मजबूती से सभी 10 संसदीय व 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और हमारा प्रदर्शन बेहतर रहेगा।

एक साथ होंगे दोनों चुनाव : दुष्यंत

जननायक जनता पार्टी के नेता एवं सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्हें ऐसी संभावना लगती है कि प्रदेश सरकार लोकसभा के साथ ही हरियाणा विधानसभा के चुनाव करवाएगी, क्योंकि खट्टर सरकार को यह आभास हो गया है कि लोग उन्हें विधानसभा चुनाव में पूरी तरह से नकार देंगे, इसलिए वे नरेंद्र मोदी के नाम के सहारे हरियाणा में भी फिर से सत्ता का ख्वाब संजोते हुए चुनाव एक साथ करवाएंगे, मगर देश व प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से इतनी तंग है कि न मोदी सत्ता में आएंगे और न खट्टर। उन्होंने कहा कि हम चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं और दोनों ही चुनावों में जननायक जनता पार्टी के पक्ष में लोग जनादेश देंगे।

डर से एक साथ चुनाव करवा सकती है सरकार : नवीन जयहिंद

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयङ्क्षहद का कहना है कि वैसे तो यह सरकार की मर्जी है कि वे विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ करवाए या फिर निर्धारित समय पर, मगर जिस तरह से खट्टर सरकार डरी हुई है उससे ऐसा आभास होता है कि दोनों चुनाव एक साथ ही होंगे और मोदी के नाम के सहारे खट्टर भी अपनी नैय्या पार लगाने की कोशिश करेंगे, मगर जो देश व प्रदेश की जनता का मूड है उससे न मोदी की नैय्या बचेगी और न खट्टर की नैय्या पार लगेगी। जयङ्क्षहद का कहना है कि हमारी पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। चाहे इकट्टे हो या अलग-अलग।

लोकसभा के साथ ही होंगे विधानसभा चुनाव : तंवर

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि वर्तमान सरकार झूठ पर आधारित है।  झूठे वायदे करने के साथ-साथ चुनाव करवाने के मामले में भी झूठ बोलकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ ही होंगे, क्योंकि प्रदेश की खट्टर सरकार नरेंद्र मोदी के नाम के सहारे चुनाव जीतना चाहती है मगर प्रदेश की जनता मोदी व खट्टर दोनों से छुटकारा पाने के लिए तैयार बैठी है। तंवर ने कहा कि चुनाव एक साथ होने पर कांग्रेस व जनता दोनों तैयार हैं और हम दोनों चुनाव भारी बहुमत से जीतेंगे।

एक साथ चुनाव होने की नहीं है संभावना : सैनी

लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संरक्षक एवं सांसद राजकुमार सैनी मानते हैं कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ करवाए जाने की संभावना नहीं है, फिर भी यदि दोनों चुनाव एक साथ होते हैं तो वे दोनों चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उनका गठबंधन प्रदेश की 10 संसदीय व 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ते हुए बहुमत हासिल करेगा। प्रदेश के लोगों ने शेष राजनीतिक दलों को नकारने का मन बना लिया है।
 

Deepak Paul