पार्टी का CM चेहरा जनता तय करती है, सही समय आने पर अरविंद केजरीवाल जनता से पूछेंगे : सुशील गुप्ता

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2024 - 07:07 PM (IST)

 चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा में विधानसभा चुनाव की अधिकारिक घोषणा भले ही अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सबसे पहले आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के लिए ‘केजरीवाल की गारंटी’ के नाम से चुनावी घोषणा पत्र लॉन्च किया है। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने इसे लॉन्च किया। इस दौरान हमने आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता से एसवाईएल, हरियाणा में पार्टी के सीएम चेहरे समेत कई मुद्दों पर खास बातचीत की। सुशील गुप्ता ने हर मुद्दे का बेबाकी से जवाब दिया। आखिर एसवाईएल, हरियाणा की अलग राजधानी, विधानसभा और हाईकोर्ट के लिए आम आदमी पार्टी की क्या रणनीति है ? पढ़िए ये पूरा इंटरव्यू...

आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा में केजरीवाल की गारंटी की घोषणा करने के साथ ही सूबे में पार्टी की ओर से चुनावी बिगुल बजा दिया गया है। अब पार्टी के कार्य़कर्ता हर विधानसभा में पूरी तैयारी के साथ जुट जाएगा। पार्टी की ओर से रोजाना हर 2 विधानसभा क्षेत्रों में एक मीटिंग की जाएगी, जिसमें सुनीता केजरीवाल के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और संदीप पाठक शामिल होंगे। सभी मिलकर पूरी ताकत के साथ हरियाणा की स्थिति को बदल देंगे।

सुनीता केजरीवाल की ओर से पार्टी को हरियाणा मजबूत करने को लेकर सुशील गुप्ता ने कहा कि वह एक आईआरएस अधिकारी रही है। पार्टी का एक-एक व्यक्ति उनकी इज्जत करता है। इसके साथ ही उन्हें काम का बहुत अनुभव है। वह केंद्र में भी आयकर विभाग में कमिश्नर रह चुकी है। अब अरविंद केजरीवाल के साथ पार्टी का पूरा कार्यभार देख रही हैं। इसलिए उनका पार्टी को हरियाणा में बहुत लाभ मिलेगा।
‘बदहाली को बदलेगी AAP’

आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि पार्टी हरियाणा में बदलाव जनसंवाद कर रही है। करीब 6 हजार से अधिक गांवों और वार्डों में जन संवाद यात्रा की जा चुकी है। इसके तहत जनता को दिल्ली और पंजाब में किए गए कामों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही लोगों से उनकी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी ली जा रही है। गुप्ता ने बताया कि हरियाणा के लोग स्कूलों की बदहाली से बहुत दुखी है। लोग महंगे-महंगे बिल और बिजली के कटों से बहुत दुखी है। हरियाणा के अधिकतर गांवों में आज पीने का मिठा पानी नहीं है। हरियाणा का किसान कर्ज के बोझ नीचे दबा हुआ है। हरियाणा में बिना रिश्वत के कोई सरकारी काम नहीं होता। प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा हुआ है। पोर्टल, फैमिली आईडी, परिवार पहचान पत्र, एनडीसी और एनओसी के चक्कर में ही पूरा हरियाणा उलझा हुआ है। बेरोजगारी में हरियाणा नंबर वन पर है। हर घर में पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार बैठा हुआ है। अपराध भी पूरे देश में सबसे ज्यादा हरियाणा में है। आज 30-30 गोलियां दागकर फिरौती मांगी जा रही है। हरियाणा का शायद ही कोई ऐसा शहर हो, जहां गोली चलाकर फिरती ना मांगी गई हो। नशा हर गांव में पहुंच चुका है। उन्होंने दावा किया कि आज हरियाणा के 22 में से 16 जिले नशे का हॉट स्पॉ बन चुके हैं। हरियाणा में बदहाली है और पार्टी उस बदहाली को बदलने का काम करेगी।

‘बंद होने चाहिए दुख देने वाले पोर्टल’
हरियाणा सरकार की ओर से शुरू किए गए पोर्टल पर सुशील गुप्ता ने कहा कि दुख देने वाले पोर्टल बंद होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसान को फसल बेचनी है तो पोर्टल उसे तीन बजे लाने का समय देता है, लेकिन उस समय छोटे किसान को किराए पर ट्रैक्टर नहीं मिलता, क्योंकि सुबह के समय उसे सस्ते दाम पर किराए पर ट्रैक्टर मिलता है, लेकिन उस समय वह उसे ला नहीं सकता। पोर्टल जब फसल मंडी में लाने की तारीख देता है, उस समय तक बारिश आ जाती है और किसान की फसल भीग जाती है। ऐसे ही पोर्टल की अनेक समस्याएं है, जिसे बदलना ही पड़ेगा।

जनता तय करेगी सीएम चेहरा
हरियाणा आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे पर सुशील गुप्ता ने कहा कि पार्टी का सीएम चेहरा जनता तय करती है। सही समय आने पर अरविंद केजरीवाल जनता से पूछेंगे और जनता जिसे कहेगी वह सीएम होगा।

‘मोदी के दावे पर भी नहीं मिला पानी’
हरियाणा-पंजाब में पानी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के रेवाड़ी में पहली जनसभा की थी। उस समय उन्होंने घोषणा की थी कि देश का 65 फीसदी पानी अंतरराष्ट्रीय संधि के कारण बहकर पाकिस्तान जा रहा है। उस पर राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के लोगों का हक है। उन्होंने उस पानी को रोककर अपने देश की धरती की प्यास बुझाने का दावा किया था, लेकिन अब तीसरी बार देश में मोदी सरकार बनने के बावजूद एक बूंद भी पानी नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि पानी का बंटवारा करना प्रधानमंत्री के अधिकार में है। राज्य आपस में लड़ते रहेंगे, लेकिन पानी का फैसला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि देश में तीन बार एक ही पार्टी की हरियाणा, पंजाब और केंद्र में सरकार रही है, लेकिन उन्होंने आज तक इस समस्या का कोई हल नहीं निकाला। गुप्ता ने कहा कि मामला कोर्ट में होने के बावजूद प्रधानमंत्री को मीटिंग कर इसका हल निकालना चाहिए।

‘हरियाणा के केंद्र में बने राजधानी’
हरियाणा के अलग हाईकोर्ट, राजधानी और विधानसभा के मुद्दे पर सुशील गुप्ता ने कहा कि चंडीगढ़ पर हरियाणा का आधा हिस्सा है। वह कायम रहना चाहिए और केंद्र सरकार को इसके लिए पैसे देने चाहिए, जिससे हरियाणा अपनी खुद की राजधानी बना सके, विधानसभा और हाईकोर्ट बनाएं। यह सब हरियाणा के केंद्र में बनने चाहिए, जिससे वहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो।

‘देश करता है यकीन’
केजरीवाल की गारंटी को लेकर गुप्ता ने कहा कि इस पर आज पूरा देश यकीन करता है। केजरीवाल ने बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा फ्री देने की गारंटी दी और उन्होंने ये सब कुछ फ्री दिया भी। बिना पर्ची-खर्ची नौकरी देने को कहा तो दिया। केजरीवाल की गारंटी पर लोग विश्वास करते हैं। 

‘प्रदेश से खत्म हो गई इनेलो, जेजेपी और बसपा’
सुशील गुप्ता ने कहा कि आज हरियाणा से इनेलो, जेजेपी और बसपा खत्म हो चुकी है। हरियाणा की 10 लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव के दौरान इन दलों ने कुल मिलाकर 30 उम्मीदवार खड़े किए थे। उन तीनों उम्मीदवारों ने कुल जितनी वोट ली, आम आदमी पार्टी ने एक लोकसभा में उससे लाखों वोट ज्यादा लिए। इसलिए अब इन दलों का जनाधार खत्म हो चुका है। इसके अलावा हरियाणा में बीजेपी भ्रष्टाचार और अपराध में धंसी हुई है। नशे के कारोबारियों से इनकी सांझेदारी है। प्रदेश में रिश्वत का बाजार गर्म है। बेरोजगारी में प्रदेश को नंबर वन बना दिया है। सरकारी स्कूलों को बंद करते जा रहे हैं। नए अस्पताल खोले नहीं जा रहे हैं। आज प्रदेश की जनता इनसे दुखी है और इन्हें बदलना चाहती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static