रेसलिंग करवाने का उद्देश्य युवाओं को नशाखोरी से बचाना: खली

11/5/2018 9:08:53 AM

अम्बाला(अमन कपूर): रैसलर दि ग्रेट खली (दलीप सिंह) ने बताया कि 13 नवम्बर को राजीव गांधी खेल स्टेडियम सैक्टर-10 में डब्ल्यू.डब्ल्यू. रेसलिंग का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणा के खिलाडिय़ों की भागेदारी सबसे अधिक होगी, वहीं भारत के 25 रेसलिंग खिलाडिय़ों सहित 8 विदेशी रैसलर भी इस प्रतियोगिता में शामिल रहेंगे।

इस दौरान हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी, राखी सांवत, पॉप सिंगर खान साहब, इंद्रजीत निक्कू आदि विशेष तौर पर लोगों का मनोरंजन करेंगे। खली लोक निर्माण विश्राम गृह अम्बाला शहर में आयोजित पै्रस वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उनके साथ शहर विधायक असीम गोयल, वेयर हाऊसिंग के निदेशक अनुभव अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री हितेष जैन, संजीव टोनी, बलवान सिंह सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे। 

खली ने बताया कि रेसलिंग करवाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशाखोरी से बचाना और रेसलिंग को बढ़ावा देना है। जब वह साथ देंगे तो निसंदेह रेसलिंग जैसे खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि विधायक असीम गोयल के विशेष तौर पर आभारी हैं कि उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए उनका समर्थन देकर यहां करवाने का कार्य किया है। इन प्रतियोगिताओं में पंजाब के खिलाड़ी भी शामिल रहेंगे। प्रतियोगिता 13 नवम्बर को सायं 6 से 9 बजे तक होगी तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया जाएगा। 

गर्व एवं खुशी की बात : असीम
विधायक असीम गोयल ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व एवं खुशी की बात है कि रैसलिंग की यह प्रतियोगिता अम्बाला शहर में हो रही है। दलीप सिंह (दि ग्रेट खली) युवाओं के लिए रोल मॉडल हैं तथा इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से वह पारम्परिक खेलों को पुन: जीवित करने का कार्य बखूबी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन में प्रशासनिक व व्यक्तिगत तौर पर जो भी जिम्मेदारी होगी वह उसे निभाएंगे। 


 

Rakhi Yadav