SYL पर खुद को नायक कहने वाले असली खलनायक : बराला

2/3/2018 10:19:07 AM

चंडीगढ़(धरणी): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने इनेलो के एस.वाई.एल. जन जागरण अभियान को केवल जनता में भ्रम फैलाने की कवायद बताया। उन्होंने कहा कि एस.वाई.एल. के नाम पर जगह-जगह जन जागरण करने वाले और अपने नाम के साथ जलनायक लगाने वाले अभय चौटाला शायद यह भूल गए हैं कि असल में नायक नहीं खलनायक है।  उन्होंने कहा की इनेलो के पूरे परिवार ने ही कभी एस.वाई.एल. और किसानों के हित में गंभीरता नहीं दिखाई। 

1977 में देवीलाल ने मुख्यमंत्री बनते ही हरियाणा के हितों की बलि चढ़ाकर एस.वाई.एल. के मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। इसी तरह 1987 में दोबारा देवीलाल की सरकार बनने पर एस.वाई.एल. का निर्माण कार्य दोबारा रुकवाकर हरियाणा की जनता  के साथ धोखा किया। 1999 में ओम प्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री बने और उन्होंने भी वैसा ही किया। 2002 में सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला देने के एक माह पूर्व भी दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को बातचीत से मामले को सुलझाने के लिए कहा परन्तु चौटाला परिवार चुप्पी साधे रहा। उन्होंने कहा कि इनैलो ने हरियाणा के हितों को दरकिनार कर सदैव राजनीतिक रोटियां सेंकी हैं और अपने पगड़ी बदल भाई बादल परिवार से दोस्ती निभाने के चक्कर में चौटाला परिवार ने हरियाणा के हित गिरवी रखे।