पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने शव चौराहे पर रखकर लगाया जाम, 2 दिन पहले युवक की हुई थी मौत

9/13/2021 3:56:54 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): हरियाणा के यमुनानगर में 4 दिन पहले हुए झगड़े में घायल युवक की पीजीआई में मौत के बाद आज परिजनों ने मृतक का शव चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। यमुनानगर की दशमेश कॉलोनी के रहने वाले संजीव शर्मा के बेटे 25 वर्षीय सूर्य की 2 दिन पहले पीजीआई में मौत हो गई थी। 4 दिन पहले सूर्य पर इलाके के दर्जनों युवकों ने बीयर की बोतलों, लोहे के पाइप व डंडों से हमला कर दिया था। जिस पर उसे गंभीर हालत में पीजीआई भर्ती करवाया गया था। यहां 2 दिन पहले उसकी मौत हो गई। 

आज पीजीआई से पोस्टमार्टम के बाद उसका शव लेकर परिजन यमुना नगर पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में मृतक के परिजन व आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। जिन्होंने यमुनानगर के भगत सिंह चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान डीएसपी यमुनानगर प्रमोद कुमार ने मृतक के परिजनों को सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया। 

मृतक के भाई का आरोप है कि डेढ़ साल पहले उसकी टांगे तोड़ दी थी, पुलिस को लगातार शिकायतें दी गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब 4 दिन पहले गणपति उत्सव की तैयारी के दौरान उसके भाई पर हमला किया गया। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस ने इनमें से दो को नाबालिग बता कर छोड़ दिया है। डीएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में परिजनों ने 9 लोगों के नाम दिए थे जिस पर मामला दर्ज करके 4 को राउंडअप किया गया था। परिजनों ने सीसीटीवी देखकर 15 और युवकों के नाम दिए हैं। जल्दी ही इन युवकों को भी राउंडअप किया जाएगा।  
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar