शहर का रोहतक गेट रहा सबसे गर्म, पारा पहुंचा 48 डिग्री

6/10/2019 11:14:05 AM

भिवानी (सुखबीर): शहर में रविवार को रोहतक गेट सबसे गर्म स्थान रहा। यहां दोपहर अढ़ाई बजे 48 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं जिले में जुई का तापमान सबसे कम 45 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 50 डिग्री सैल्सियस के आस पास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 18 जून को बारिश होने की संभावना है। इस दौरान मंगलवार और बुधवार को आंधी के साथ धूल भरी हवाएं चलने और कहीं कहीं बूंदाबांदी से तापमान में आंशिक गिरावट आने की उम्मीद है। यहां बता दें कि जिले में पिछले करीब 15 दिन से गर्मी अपने पूरे चरम पर है। 

इसी के चलते 3 जून को यहां का अधिकतम तापमान 48 तो 4 जून को जिले का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया था। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान एक बार फिर 48 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। कमोबेश जिले में खासकर शहर में रविवार को भी तापमान का यही हाल रहा और शहर के रोहतक गेट का तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया था। 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं उत्तर-पश्चिमी हवाएं दूसरी ओर शहर में रविवार को हवा की गति का जिक्र किया जाए तो यह सुबह साढ़े 11 बजे से ही 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहा।

हवा की इस गति का सिलसिला शाम साढ़े 5 बजे तक यूं ही बरकरार रहने से इस हवा ने दोपहर के समय लू का रूप ले लिया। इसके चलते भी लोगों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। हालांकि रविवार का अवकाश होने के चलते और तेज गर्मी के चलते लोगों ने दोपहर के समय अपने घरों से बाहर निकलने की बजाए अपने घरों में ही कूलरों और ए.सी. के नीचे आराम करना उचित समझा। रात साढ़े 8 बजे तक तपता रहा शहर शहर में इस समय गर्मी किस हद तक अपने तीखे तेवर दिखा रही है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर में रविवार रात साढ़े 8 बजे का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर रविवार सुबह साढ़े 11 बजे ही शहर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं अढ़ाई बजे शहर का अधिकतम तापमान 48 डिग्री और शाम साढ़े 5 बजे शहर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। कुल मिलाकर रविवार का दिन इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है। इसके अलावा शहर में सुबह साढ़े 11 बजे मौसम में 7 प्रतिशत नमी, अढ़ाई बजे 6, शाम साढ़े 5 बजे 6 और रात साढ़े 8 बजे 7 प्रतिशत दर्ज की गई। इसलिए मौसम की नमी में इतनी गिरावट के चलते लोगों का गर्मी से हाल बेहाल रहा। 

115 डिग्री फारेनहाइट पर चमका सूर्य 
दूसरी ओर रविवार को सूर्य देवता ने 84 से 115 डिग्री फारेनहाइट पर अपनी चमक बिखेरी, वहीं सोमवार को सूर्य 84 से 117 डिग्री फारेनहाइट पर चमक बिखेरने की संभावना है। इसी प्रकार मंगलवार को सूर्य देवता 86 से 113, बुधवार को 82 से 109 और वीरवार को 84 से 113 डिग्री सैल्सियस पर अपनी चमक बिखेरने वाले हैं। 

Naveen Dalal