मुख्यमंत्री की सुरक्षा का घेरा होगा और ज्यादा कड़ा

5/22/2018 8:56:56 AM

चंडीगढ़(बंसल): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर हिसार में काला तेल फैंकने को लेकर पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बड़े स्तर के अधिकारी मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर लगातार रिव्यू कर रहे हैं। यहां तक कि पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों के एस.पी. को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं बरती जाए। 

जानकारी के अनुसार हर सप्ताह मुख्यमंत्री की सुरक्षा प्रबंधों में कुछ बदलाव किया जाएगा। हालांकि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 3 घेरे होते हैं लेकिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा हिसार की घटना को लेकर की गई जांच में में तीसरे घेरे की लापरवाही सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के एस.पी. को भविष्य में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में ज्यादा चौकसी बरतने तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।

कई अधिकारियों व जवानों पर गिर सकती है गाज
हालांकि अभी जांच पूरी नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट सी.आई.डी. चीफ अनिल राव के पास आने के बाद कई पुलिस अधिकारियों व जवानों पर गाज गिर सकती है। 
 

Rakhi Yadav