भिवानी में दिल दहला देने वाला मामला, पेड़ पर बंधी पॉलीथिन से आई बच्चे के रोने की आवाज...आवाज सुन सहमे लोग

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 12:18 PM (IST)

भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ की बिजली बोर्ड कॉलोनी में सुबह-सवेरे एक पेड़ पर लटकी काली थैली से एक नवजात बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।   

 प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जब कुछ लोग टहलने के लिए निकल रहे थे, तब उन्होंने एक पेड़ पर बंधी काली पॉलीथिन को हिलते और उससे बच्चे के रोने की आवाज आते देखा। पास जाकर देखा गया तो अंदर एक एक दिन का नवजात शिशु (लड़का) मौजूद था, जिसके शरीर पर जन्म के बाद की नाल भी बंधी हुई थी। कड़ाके की ठंड और खुले में लटके रहने के कारण बच्चे का शरीर काफी ठंडा पड़ चुका था।   

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल भिवानी पहुँचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल संरक्षण आयोग की टीम भी अस्पताल पहुँची और बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली।   

सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, नवजात का वजन लगभग 1200 ग्राम है और उसे सांस लेने में परेशानी (रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस) जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उच्च चिकित्सकीय देखरेख के लिए रोहतक PGI रेफर कर दिया।   फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले कलयुगी लोग कौन हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static