हरियाणा में हो रही रेप की घटनाओं पर नेताओं व अधिकारियों के बयान, जानें किसने क्या कहा?

1/15/2018 8:55:11 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा प्रदेश में पिछले तीन दिनों में सामने आए बलात्कार के चार मामलों के चलते प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर जहां विपक्षियों द्वारा मौजूदा सरकार का नाकाम साबित किया जा रहा है। वहीं सत्ता के लोग पीड़ितों को मुआवजा और नौकरी देने की बात कर रहे हैं। कुछ नेता, आलाधिकारियों का कहना है कि, इस तरह से बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए कानून व्यवस्था को और सख्त बनाया जाएगा। इसी क्रम में मीडिया के सामने आते हुए राज्यमंत्री कर्णदेव कंबोज, गृह सचिव एसएस प्रसाद ने भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

हरियाणा में बढ़ रही रेप की घटनाओं को लेकर राज्यमंत्री कर्णदेव कंबोज ने कहा कि, इस प्रकार की जो भी घटनाएं घट रही हैं वे बेहद दुखद हैं। ऐसी घटनाओं का अंजाम देने वाले दोषियों को कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार इन घटनाओं पर सख्त निर्देश ले रही है, कानून सबके लिए समान है कोई भी कानून तोड़ेगा तो कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जो भी घटनाएं हो रही है इस पर सख्त करवाई की जाएगी और सरकार इन घटनाओं की कड़ी निंदा करती है। बाकी न्यायालय में फैसला होगा।

रेप के मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव एवं गृह सचिव के साथ अपने आवास पर बैठक की। बैठक के बाद गृह सचिव एस एस प्रसाद ने कहा कि, सरकार इन मामलों को लेकर काफी चिंतित है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस को आदेश दिए गए हैं। गृह सचिव ने बताया कि, वुमेन हेल्पलाइन को एक्टिवेट किया जाएगा। जिसमें महिलाओं को थाने मेंं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आरोपी के खिलाफ पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी।