STF की कहानी को आरोपी की पत्नी व बेटी ने बताय़ा झूठा, कहा- पुलिस खुद लाई थी हथियार

7/10/2018 12:05:46 PM

जींद(सुनील मराठा): मूलरूप से झज्जर जिले के भराणा गांव के विनोद उर्फ खेमा के जींद के भिवानी रोड स्थित विकास नगर में किराए के मकान में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी चलाने और यहां से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और इन्हें बनाने के सामान की बरामदगी की एस.आई.टी. की कहानी को विनोद की पत्नी नीलम, बेटी तमन्ना और पड़ोसी सिरे से खारिज कर रहे हैं। उसके पड़ोसियों को यह बात कतई हजम नहीं हो रही कि विनोद किराए के इस मकान में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी चलाने जैसा कोई काम कर रहा था। 

एस.टी.एफ. ने सोमवार को एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उसने जींद के भिवानी रोड स्थित विकास नगर में किराए के मकान में रहने वाले विनोद के यहां अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। इसमें एस.टी.एफ. के डी.आई.जी. बी. सतीश बालन ने कहा कि विनोद मूलरूप से झज्जर के भराणा गांव का रहने वाला है। वह 2 साल से जींद के विकास नगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा है और अवैध रूप से हथियार बनाने का काम करता है। 

उसकी अवैध हथियारों और इन्हें बनाने के सामान आदि के साथ उसके किराए के इस मकान से गिरफ्तारी की बात एस.टी.एफ. ने कही। एस.टी.एफ. के इस खुलासे के बाद जींद में भिवानी रोड स्थित विकास नगर में विनोद के घर मीडिया का तांता लग गया। आसपास के लोग भी उसके घर पहुंचने लगे। 

बेटी ने कहा-पिता बेकसूर, एस.टी.एफ. के खिलाफ जुबान खोली तो पापा को और मारेंगे
विनोद की बेटी स्कूल में पढ़ती है। उसका कहना है कि एस.टी.एफ. वालों ने उसके पापा को इतना मारा है कि पापा से ठीक से चला भी नहीं जा रहा था। उसके पापा बेकसूर हैं। खुद उसकी आंखों के सामने एस.टी.एफ. वाले अपनी गाड़ी में अवैध हथियार और कुछ सामान लेकर आए थे। पापा को घर में बिठाकर अवैध हथियार बनाने की वीडियो इन लोगों ने बनाई और पापा को साथ लेकर चले गए। तमन्ना का कहना है कि वह एस.टी.एफ. वालों के खिलाफ जुबान खोलेगी तो वह पापा को और मारेंगे। 

‘एस.टी.एफ. की कहानी पूरी तरह झूठी’
विनोद की पत्नी नीलम और बेटी तमन्ना ने एस.टी.एफ. की इस कहानी को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने झूठी कहानी बनाकर विनोद को गिरफ्तार किया है। पत्नी नीलम ने कहा कि उसका पति टी.बी. का मरीज है। कुछ दिन पहले वह रोहतक के निजी अस्पताल में टी.बी. की दवाई लेने गए थे। उसके बाद उसे एस.टी.एफ. के लोग ही अपने साथ लेकर पहुंचे। नीलम के अनुसार एस.टी.एफ. के कर्मचारी अपने साथ पिस्टल आदि लेकर आए थे और घर में उसके पति को बिठाकर कुछ मशीनों पर उससे काम करवाया तथा उसकी वीडियो बनाई।

उसके पति के साथ मारपीट भी की गई थी। नीलम के अनुसार वह अपने पति और परिवार के साथ पिछले 8 साल से जींद में रह रही है। भिवानी रोड से पहले वह कोर्ट के पीछे की कालोनी में रहते थे। उसका पति लोहे की जाली और गेट बनाने का काम दिहाड़ी पर करता है। उसका एक गुर्दा खराब है। उसके 2 बेटे और एक बेटी है। 

विनोद के मकान में हथियार बनाने की फैक्टरी की बात नहीं हो रही हजम
सोमवार को विनोद के किराए के मकान में जब इस खुलासे के बाद मीडिया पहुंचा तो पड़ोस के लोग भी यहां जमा हो गए। पड़ोसियों ने अपने नाम उजागर किए बिना कहा कि विनोद का घर ऐसा है कि इस घर में चम्मच भी गिरे तो आवाज पड़ोस के मकान में सुनाई दे। उन्हें कभी उसके घर में अवैध हथियार बनाए जाने की आवाज सुनाई नहीं दी। पड़ोसियों ने यह भी कहा कि हथियारों की अवैध फैक्टरी चलाने वाले का परिवार एक-एक दाने का मोहताज नहीं हो सकता। बच्चों के लिए विनोद दूध का जुगाड़ नहीं कर पाया तो एक आवारा घूमने वाली गाय को घर में बांधकर उसने बच्चों के लिए दूध का जुगाड़ किया। इन लोगों ने यह भी कहा कि विनोद के घर कभी संदिग्ध किस्म के लोग दिखाई नहीं दिए। 

एस.टी.एफ. के डी.आई.जी. ने कहा- परिवार के लोग तो यही कहेंगे 
एस.टी.एफ. के डी.आई.जी. बी. सतीश बालन ने कहा कि परिवार के लोग तो यही कहेंगे। उनका कहना था कि अगर विनोद अवैध हथियार नहीं बनाता था तो उसके घर इतने अवैध हथियार और इन्हें बनाने का सामान कहां से आया। 

Deepak Paul